Haldwani Breaking : पति की बीमारी का लाभ उठा महिला से दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी
यहां एक महिला ने युवक पर उसके पति की बीमारी का लाभ उठा दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महिला द्वारा दी गई तहरीर में कहा गया है कि तरूण साह नामक युवक ने वर्ष 2018 में जब वह घर पर अकेली थी तो उसके साथ उसकी इच्छा के विरूद्ध जबरन संबंध स्थापित किये। यह कृत्य उसने उसकी पति की बीमारी का लाभ उठाते हुए किया था। इसके बाद समाज का डर दिखाकर बार—बार उसका शारीरिक शोषण का सिलसिला शुरू हो गया। वह हमेशा उसे लोक—लाज का हवाला देकर और डरा—धमका कर चुप करा देता था।
महिला ने कहा कि साल 2019 में उसे एक बच्चा भी हो गया, जिससे समाज में उसकी बदनामी भी हुई। अब भी वह उसे बार—बार परेशान करता है। महिला ने आरोप लगाया कि युवक उसे अब भी बार—बार परेशान करता है और उसके पास एक लाइसेंसी रिवाल्वर भी है। जिस कारण उसे व उसके परिजनों को जान का खतरा भी बना हुआ है। वह धमकी देता है कि यदि वह उससे शारीरिक संबंध नहीं बनाती है तो वह समाज में उसकी बदनामी करा देगा। वह उसके घर आकर भी उसे कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है। आरोपित युवक एनएसयूआई का पूर्व जिलाध्यक्ष बताया जा रहा है। वहीं महिला भी कांग्रेस पार्टी से जुड़ी पदाधिकारी है। इधर पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध धारा 376 व 506 के तहत थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं युवक के परिजनों ने आरोपों को गलत बताया है और महिला पर उसे ब्लैकमेल करने व रूपयों की मांग करने के आरोप लगाये हैं।