सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान हुए कथित हंगामे के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), बागेश्वर ने नगर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जमकर नारेबाजी की और यूथ कांग्रेस का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर हॉल के भीतर घुसकर नारेबाजी की, जिससे कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि यह घटना उस समय हुई, जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की तकनीकी प्रगति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) फॉर ऑल विजन और डिजिटल नवाचारों पर चर्चा चल रही थी। इस प्रकार की हरकतों से न केवल कार्यक्रम की गरिमा प्रभावित हुई, बल्कि वैश्विक स्तर पर देश की छवि को भी ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि खराब करने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत आज एआई और नई तकनीकों के क्षेत्र में विश्व पटल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, और इस विकास यात्रा को बाधित करने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन यदि विरोध का उद्देश्य वैश्विक मंच पर भारत की गरिमा को ठेस पहुंचाना हो, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन और केंद्र सरकार से मांग की कि समिट में हंगामा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि एआई, डिजिटल इंडिया और नई तकनीकों के क्षेत्र में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। ऐसे समय में इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और इन्हें किसी भी कीमत पर प्रोत्साहित नहीं किया जाना चाहिए।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष भाजपा प्रभा गढ़िया, हरीश मेहरा, प्रशांत तिवारी, दीपक गस्याल, मनोज बचखेती, नरेंद्र सिंह कोरंगा, तरुण कन्याल, नगर अध्यक्ष विवेक तिवारी, विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास, मोहन, संजय शाह, तिलक तिवारी, संजय जोशी, भूपेंद्र दानू, महेश दानू, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

