HomeNationalएक इलाका, दो दुल्हन... शादी के दूसरे दिन ही कैश-जेवर लेकर फरार

एक इलाका, दो दुल्हन… शादी के दूसरे दिन ही कैश-जेवर लेकर फरार

ADVERTISEMENTS

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक नहीं दो लुटेरी दुल्हनों का आतंक देखने को मिला है, यहां दो लुटेरी दुल्हन शादी के बाद घर से लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गईं। जब तक घर वालों को इसका पता चलता, वे गायब हो चुकी थीं। पीड़ित परिवार वालों ने इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दोनों दुल्हनों की शादी एक ही बिचौलिए ने कराई थी और इसके लिए दोनों परिवारों से रुपए भी लिए थे। बिचौलिए को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और दुल्हनों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

भाई के साथ गई, फिर नहीं लौटी

साकेत कॉलोनी चंपा विहार निवासी मानव बंसल की शादी 14 मई को बुलंदशहर के खुर्जा निवासी नेहा नाम की लड़की के साथ हुई थी। नेहा खुर्जा के चामुंडा मंदिर दशहरा की रहने वाली थी। शादी के बाद परिवार नेहा को विदा कराकर अपने घर ले आया।

पीड़ित परिवार ने बताया- शादी के एक दिन बाद ही नेहा के दो भाई उसे विदा कराने के लिए आए थे। 15 मई को लड़की के भाई सोनू और प्रदीप शर्मा उसे विदा कराकर ले गए। दो दिन बाद परिवार 17 मई को दुल्हन को दुबारा घर लाने के लिए तैयार हुआ। जब दुल्हन के भाइयों को फोन किया तो उनका नंबर बंद मिला।

बाजार घूमने गई और हो गई फरार

दुल्हन के गायब होने से परेशान मानव को पता चला कि उसके ही मोहल्ले में एक युवक और इसी घटना का शिकार हुआ है। मोहल्ले के दिनेश की शादी भी 16 मई को पूजा नाम की लड़की के साथ हुई थी। वह भी उसे विदा कराकर अपने घर ले आए थे। शादी के बाद लड़की ने बाजार जाने की बात कही। वह बाजार से खरीदारी करने के नाम पर 17 मई को घर से निकली थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। जब परिवार के लोगों ने उसे खोजा तो उसका पता नहीं चला। वहीं घर में रखे जेवर और नकदी भी गायब थे। इसके बाद दोनों पीड़ित परिवारों ने क्वार्सी थाना क्षेत्र में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

बिचौलियों ने 80-80 हजार लेकर कराई थी शादी

लुटेरी दुल्हनों के जरिए ठगी का शिकार हुए दोनों पीड़ितों की शादी बिचौलियों ने कराई थी। इसके लिए 80-80 हजार रुपए भी लिए थे और इसके बाद लड़कियों से मिलवाया था। मानव की शादी धनीपुर ब्लॉक के मोहन नगर निवासी पुष्पा देवी और सूर्य विहार के प्रदीप शर्मा, कमलेश और बबलू ने कराई थी। वहीं दिनेश के साथ ठगी करने वाले लोग भी इसी गिरोह के हैं। दिनेश की शादी कराने के लिए बबलू, पुष्पा और कमलेश ने उसे लड़की दिखाई। सब कुछ तय होने के बाद तीनों ने उसके परिवार से 80-80 हजार रुपए लिए। इसके बाद पीड़ितों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और क्वार्सी थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

दुल्हनों को ढूंढ रही 3 टीमें, बिचौलिए दबोचे

पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद क्वार्सी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी दुल्हनों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही ये शादियां कराने वाले गिरोह के बबलू और पुष्पा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीओ थर्ड एएसपी अमृत जैन ने बताया- आरोपी दुल्हन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की गई है। पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्दी ही गैंग के सभी सदस्य पुलिस की हिरासत में होंगे।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments