╰┈➤ अल्मोड़ा समेत पूरे प्रदेश में 5 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा था चरणबद्ध आंदोलन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: शासन स्तर पर चतुष्पक्षीय वार्ता में पांच सूत्रीय मांगों की पूर्ति की दिशा में सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के आंदोलन में शिथिलता आ गई है। संगठन ने फिलहाल 15 दिन के लिए अपना आंदोलनात्मक कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।
यह जानकारी डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष डीके जोशी ने दी है। उल्लेखनीय है कि एसोसिएशन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश के सभी जिलों के फार्मेसी अधिकारी चरणबद्ध आंदोलन पर हैं। इस बीच उनका बांहों में काला फीता बांधकर विरोध कार्यकम चल रहा था। इधर, जिलाध्यक्ष डीके जोशी ने बताया कि बीते 3 सिंतबर को शासन स्तर पर एसोसिएसन की चतुष्पक्षीय वार्ता हुई है। जिसमें मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन मिला है। इस वार्ता में संगठन की कोर कमेटी के पदाधिकारी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल समेत वित्त सचिव, स्वास्थ्य सचिव, अपर स्वास्थ्य सचिव और डीजी स्वास्थ्य शामिल रहे। जिसके बाद आंदोलन कार्यक्रम 15 दिन के लिए स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि 15 दिन में सकारात्मक परिणाम नहीं आए, तो फिर कोर कमेटी की बैठक कर अगला कदम उठाया जाएगा। इस सकारात्मक आश्वासन के लिए संगठन के जनपद अध्यक्ष डीके जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेपीएस मनराल, उपाध्यक्ष गोपाल सिंह, मंत्री रजनीश जोशी, संगठन मंत्री जगदीश चंद्र, संयुक्त मंत्री प्रेम प्रकाश, कोषाध्यक्ष कैलाश पपने व संप्रेक्षक माया पाण्डेय ने सरकार व शासन का आभार व्यक्त किया।





