4.50 लाख रुपये के चोरी गए सोने के आभूषण बरामद
आरोपी पर पहले से भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
CNE REPORTER, हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लगभग 4.50 लाख रुपये मूल्य का मंगलसूत्र और सोने की अंगूठी बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की एक और धारा बढ़ाई गई है।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को सत्य विहार, ओमकार कॉलोनी, आरटीओ रोड, मुखानी निवासी कुसुम जोशी ने मुखानी थाने में तहरीर देकर बताया कि 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 के बीच किसी अज्ञात चोर ने उनके माता-पिता के घर का ताला तोड़कर करीब ढाई तोले का सोने का मंगलसूत्र और आधे तोले की सोने की अंगूठी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

✒️ यह भी पढ़ें — मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा: क्या है इनसाइड स्टोरी ?
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संदिग्ध की तलाश शुरू की गई।
22 जुलाई 2026 को गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल संदिग्ध आनंदपुर गांव में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्याम सिंह पुत्र लल्ला बाबू, निवासी फकीराइन मस्जिद के नीचे, जवाहर नगर, थाना बनभूलपुरा, जिला नैनीताल, उम्र 45 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी किया गया एक सोने का मंगलसूत्र और एक सोने की अंगूठी बरामद हुई। बरामदगी के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी जोड़ दी गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
✒️ यह भी पढ़ें — रुद्रपुर: लापता रिजवान का शव नदी में मिला, हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार चोरी गए लगभग 4.50 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों की करीब 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।
आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2020 में थाना बनभूलपुरा में भारतीय दंड संहिता की धारा 269, 270 और 160, वर्ष 2018 में थाना हल्द्वानी में गैंगस्टर अधिनियम की धारा 2 और 3, वर्ष 2019 में थाना बनभूलपुरा में आबकारी अधिनियम की धारा 60 तथा वर्ष 2018 में थाना हल्द्वानी में भारतीय दंड संहिता की धारा 380, 457, 412 और 34 के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब अन्य थानों और जनपदों में भी आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दीपा जोशी, कांस्टेबल रविन्द्र खाती, कांस्टेबल सुनील आगरी और कांस्टेबल धीरज सूगड़ा की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।



