HomeUttarakhandAlmoraरानीखेत: गड्ढों में पौधे रोपकर कांग्रेस ने खोली विकास के दावों की...

रानीखेत: गड्ढों में पौधे रोपकर कांग्रेस ने खोली विकास के दावों की पोल

केमू स्टेशन से विजय चौक तक बदहाल मुख्य सड़क पर अनोखा विरोध

बोले—सड़क पर चलना भी हुआ दुश्वार

सीएनई संवाददाता, रानीखेत : नगर की प्रमुख सड़कों में शुमार केमू स्टेशन से विजय चौक तक की बदहाल सड़क अब राजनीतिक विरोध का केंद्र बन गई है। लंबे समय से सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जगह-जगह उखड़े डामर से परेशान जनता की समस्या को लेकर रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों में ही पौधारोपण कर शासन-प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी का अहसास कराने का प्रयास किया।

ADVERTISEMENTS

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी, पर्यटक और वाहन गुजरते हैं, उसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे और उखड़ा हुआ डामर राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार और उसके जनप्रतिनिधि क्षेत्र में विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर रानीखेत जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन नगर की मुख्य सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क की वास्तविक स्थिति सरकार के विकास संबंधी दावों की जमीनी तस्वीर सामने ला रही है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि केमू स्टेशन से विजय चौक तक का मार्ग नगर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क के सुधारीकरण की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय नागरिकों के साथ ही व्यापारियों, वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि सड़क पर बने गड्ढे केवल आवागमन की समस्या नहीं हैं, बल्कि ये शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों में पौधे रोपकर सांकेतिक रूप से यह संदेश देने का प्रयास किया कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो इन गड्ढों में सड़क के बजाय पेड़ उगने की नौबत आ जाएगी।

कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से केमू स्टेशन से विजय चौक तक सड़क का शीघ्र सुधारीकरण एवं निर्माण कार्य कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मामले में अब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया और निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर स्थानीय जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार, यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत, महासचिव कुसुम जोशी, जिला प्रवक्ता दीपक पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्यक्ष, विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, जीतन जयाल, संदीप बंसल, त्रिलोक आर्या, रमेश पंत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments