BBC के दिल्ली-मुंबई ऑफिस पर IT का सर्वे, कांग्रेस ने कहा- अघोषित आपातकाल

नई दिल्ली/मुंबई| आयकर विभाग ने टैक्स चोरी के आरोप में बीबीसी के दिल्ली (Delhi) और मुंबई (Mumbai) स्थित दफ्तरों में मंगलवार (14 फरवरी) को सर्वे…

BBC इंडिया के खिलाफ ED का एक्शन, FEMA के तहत दर्ज किया केस

नई दिल्ली/मुंबई| आयकर विभाग ने टैक्स चोरी के आरोप में बीबीसी के दिल्ली (Delhi) और मुंबई (Mumbai) स्थित दफ्तरों में मंगलवार (14 फरवरी) को सर्वे किया। आईटी की टीम दोनों जगह सुबह 11:30 बजे पहुंची थी। जिसमें करीब 12-15 लोग शामिल थे। बीबीसी के दफ्तरों में आईटी टीम के सर्वे के दौरान वहां मौजूद सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन सीज किये गए। साथ ही किसी भी कर्मी को बाहर जाने की इजाजत नहीं थी। आईटी टीम ने अकाउंट ऑफिस में रखे कंप्यूटर का डाटा खंगाला। बीबीसी (BBC) की ओर से ट्रांसफर प्राइसिंग रूल्स के उल्लंघन और इसके मुनाफे के डायवर्जन की जांच को लेकर सर्वे किया गया।

बीबीसी का दफ्तर दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग पर स्थित है और मुंबई में सांताक्रूज में है। सर्वे के तहत, आयकर विभाग केवल कंपनी के व्यावसायिक परिसर की ही जांच करता है और इसके प्रवर्तकों या निदेशकों के आवासों और अन्य स्थानों पर छापा नहीं मारता है। न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के मुताबिक, ब्रिटेन सरकार ने कहा कि बीबीसी के कार्यालयों में किए गए कर सर्वे की खबरों पर नजर रख रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद बीबीसी ने दोपहर की शिफ्ट वाले अपने कर्मचारियों को दफ्तर आने से मना किया।

बीबीसी दफ्तर पर आईटी का सर्वे

बीबीसी से अपने सभी पत्रकारों/कर्मचारियों को अगले आदेश तक वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा है। इनकम टैक्स सूत्रों के मुताबिक कुछ चीजों के वेरिफिकेशन के लिए इनकम टैक्स की टीम बीबीसी के दफ्तर पहुंची थी। ये इनकम टैक्स की टीम का सर्वे था। इनकम टैक्स विभाग के सूत्रों का कहना है कि कई लोकेशन पर सर्वे हो रहा है। कुछ जानकारी मिली थी उसकी आधार पर सिर्फ सर्च किया जा रहा है।

क्या हैं बीबीसी पर आरोप?

बीबीसी पर आरोप है कि कंपनी ने ट्रांसफर प्राइसिंग नियमों के तहत गैर-अनुपालन, हस्तांतरण मूल्य निर्धारण मानदंडों का लगातार और जानबूझकर उल्लंघन किया है। साथ ही जानबूझकर मुनाफे की महत्वपूर्ण राशि को डायवर्ट किया। आयकर अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कर अधिकारियों की ओर से की गई इस तरह की कार्रवाई को सर्वे कहा जाता है न कि तलाशी या छापेमारी। इस तरह के सर्वेक्षण नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं और इन्हें छापेमारी नहीं माना जाता।

सर्वे पर बीबीसी ने जारी किया बयान

बीबीसी के मामले में आरोप है कि वर्षों से उपरोक्त नियमों का लगातार पालन नहीं किया जा रहा है। उसी के परिणामस्वरूप, बीबीसी को कई नोटिस जारी किए गए हैं। हालांकि, बीबीसी लगातार गैर-अनुपालन करता रहा है और अपने मुनाफे को महत्वपूर्ण रूप से डायवर्ट कर दिया। बीबीसी की ओर से भी इस सर्वे पर बयान जारी किया गया है। बीबीसी ने अपने दिल्ली और मुंबई कार्यालयों में आयकर सर्वेक्षणों पर ट्वीट कर कहा कि हम पूरा सहयोग कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि ये स्थिति जल्द से जल्द हल हो जाएगी।

कांग्रेस ने बताया अघोषित आपातकाल

BBC के ऑफिसों पर कार्रवाई को कांग्रेस ने PM मोदी पर बनी उसकी डॉक्यूमेंट्री से जोड़ा है। पार्टी ने ट्वीट कर इसे अघोषित आपातकाल बताया है। पार्टी ने अपने ट्वीट में लिखा- पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- यहां हम अडाणी के मामले में JPC की मांग कर रहे हैं और वहां सरकार BBC के पीछे पड़ी हुई है। ‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि’। TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने सर्वे को चौंकाने वाली खबर बताया है। मोइत्रा ने ट्वीट किया- BBC के दिल्ली दफ्तर में आयकर की छापेमारी…बहुत खूब…चौंकाने वाला।

ये भारत माता को गुलाम बनाने का प्रयास- उद्धव ठाकरे

शिवसेना (ठाकरे गुट) नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि बीबीसी के दफ्तर पर जो छापे पड़े हैं वो किस लोकतंत्र में बैठता है ये बताएं। आवाज उठाई तो दबाने का काम हो रहा है। इस तरह की हरकत को रोकना होगा। ये भारत माता को गुलाम बनाने का प्रयास है। इसे रोकने के लिए साथ आना होगा। वहीं शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट किया कि बीबीसी पर छापा स्थापित करता है कि भारत तेजी से अपनी लोकतांत्रिक छवि खो रहा है। भारत का लोकतंत्र खतरे में है। न्यायपालिका और पत्रकारिता अंतिम जीवित गढ़ हैं। हम भारतीय लोकतंत्र के लिए अपने खून की आखिरी बूंद तक लड़ेंगे।

एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने क्या कहा?

BBC के दफ्तरों में इनकम टैक्स के सर्वे को लेकर एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने चिंता जाहिर की है। एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने बयान जारी कर कहा- नई दिल्ली और मुंबई में BBC के कार्यालयों में IT विभाग की टीम के द्वारा सर्वे चलाया जा रहा है। ये तब हुआ है जब हाल ही में BBC ने 2002 के गुजरात दंगों और वर्तमान में भारत में अल्पसंख्यकों के हालात पर 2 डॉक्यूमेंट्रीज रिलीज की हैं।

सरकार ने BBC पर गुजरात की गलत और पूर्वाग्रहों से ग्रसित रिपोर्ट करने का आरोप लगाया और भारत में डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगा दी। एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने ये भी कहा कि सरकार की नीतियों या सत्ताधारी दल की आलोचना करने वाले प्रेस संस्थानों के खिलाफ सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल उन्हें डराने या परेशान करने के लिए किया जाता है। IT सर्वे भी उसी का हिस्सा है।

सितंबर 2021 में भी न्यूजक्लिक और न्यूजलॉन्ड्री के दफ्तरों पर भी इसी तरह सर्वे किया गया था। जून 2021 में भारत समाचार के खिलाफ IT सर्वे किया गया था। फरवरी 2021 में ED ने न्यूजक्लिक के दफ्तर पर छापा मारा। बयान में आगे लिखा गया है कि इस तरह का ट्रेंड लोकतंत्र को कमजोर करता है।

गिल्ड की मांग है कि इस तरह की जांच में बेहद सावधानी और संवेदनशीलता दिखाई जाए, जिससे पत्रकारिता और मीडिया संस्थानों के अधिकारों को दबाया न जा सके। गिल्ड अपनी पहले की मांग को भी दोहराता है, जिसमें कहा गया था कि इस तरह की जांच नियमों के तहत हों और इसका मकसद स्वतंत्र मीडिया को दबाना या डराना नहीं होना चाहिए।

BBC वर्ल्ड सर्विस के तहत ऑपरेट होता है दिल्ली ऑफिस

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (BBC) वर्ल्ड सर्विस टेलीविजन ब्रिटिश सरकार की संस्था है। यह 40 भाषाओं में खबरें प्रसारित करता है। ब्रिटेन की संसद ग्रांट के जरिए इसकी फंडिंग करती है। इसका मैनेजमेंट फॉरेन एंड कॉमनवेल्थ ऑफिस के जरिए होता है। यह डिजिटल, कल्चर, मीडिया और स्पोर्ट्स विभाग के तहत काम करती है। BBC को एक रॉयल चार्टर के तहत साल 1927 में शुरू किया गया था।

भाजपा प्रवक्ता बोले- BBC दुनिया का सबसे भ्रष्ट बकवास कॉर्पोरेशन

आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर BJP प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा- कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी ने BBC पर प्रतिबंध लगा दिया था। आयकर विभाग ने BBC ऑफिस पर कानूनी रूप से छापे मारे। BBC दुनिया का सबसे ‘भ्रष्ट बकवास कॉर्पोरेशन’ बन गया है। दुर्भाग्य से BBC का प्रचार और कांग्रेस का एजेंडा एक ही है।

आज भारत पीएम मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और कुछ वर्गों को यह पसंद नहीं है। BBC को भारत में पत्रकारिता करने का पूरा अधिकार है, लेकिन उन्हें देश के कानून का पालन करना होगा। भाटिया ने ऐसे कई उदाहरणों का उल्लेख किया जब BBC ने कथित तौर पर भारतीय भावनाओं का अपमान किया।

गौरव भाटिया ने कहा- BBC ने अपने एक कार्यक्रम में लश्कर कमांडर बुरहान वानी को करिश्माई युवा क्रांतिकारी बताया। यह किस तरह की पत्रकारिता है? एक अन्य रिपोर्ट में BBC ने होली को गंदा त्योहार बताया। BBC हमारे त्योहारों के बारे में क्या जानता है?

एक अन्य रिपोर्ट में, उन्होंने यह कहते हुए हमारे आइकन का अपमान किया कि महात्मा गांधी 1946 में भारत को आजाद कराने में विफल रहे। BBC भारत में काम करते हुए इस तरह के रिपोर्ट्स के जरिए हमारे संविधान को नष्ट करने की कोशिश कर रहा है।

अद्भुत : पूरी हुई तलाश, कैमरे में कैद दुर्लभ हिम तेंदुआ और लाल लोमड़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *