उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की सुयालबाड़ी शाखा ने मृतक आश्रित महिला को सौंपा बीमा लाभ
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जरूरत के समय परिवारों के लिए किस तरह बड़ा सहारा बन सकती है, इसका उदाहरण सुयालबाड़ी में सामने आया है। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की सुयालबाड़ी शाखा ने मृतक बीमित खाताधारक की आश्रित पत्नी को दो लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की है।
शाखा प्रबंधक हेमांशी राणा ने बताया कि मृतक खाताधारक वीरेंद्र सिंह की आश्रित पत्नी मनवीरा फर्त्याल को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई है।

बताया गया कि वीरेंद्र सिंह ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की सुयालबाड़ी शाखा से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा कराया था। इसके लिए उन्होंने 436 रुपये का प्रीमियम जमा किया था। बीमा योजना के अंतर्गत बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके नामित आश्रित को दो लाख रुपये की बीमा राशि का प्रावधान है।
जानकारी के अनुसार वीरेंद्र सिंह की मई माह में हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। वह 35 वर्ष के थे। उनके निधन के बाद बीमा योजना के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उनकी आश्रित पत्नी मनवीरा फर्त्याल को दो लाख रुपये की बीमा राशि उपलब्ध कराई गई।
कम प्रीमियम में जीवन बीमा का सुरक्षा कवच प्रदान करने वाली प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का यह लाभ परिवार के लिए कठिन समय में आर्थिक संबल साबित हुआ है। बैंक की ओर से लोगों से ऐसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी लेने और पात्र होने पर उनका लाभ उठाने की अपील की गई है।










