Big Breaking : भाजपा के वरिष्ठ नेता सामंती सहित 03 की सड़क हादसे में मौत
सीएनई रिपोर्टर, रूद्रपुर
उधम सिंह नगर के रूद्रपुर से एक बेहद दु:खद ख़बर आई है। रुद्रपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता व मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सामंती सहित तीन लोगों की पंजाब के बटाला में एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। भाजपा विधायक राजकुमार ठकुराल ने हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है और इसे पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
उल्लेखनीय है कि रूद्रपुर निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सामंती, बिलासपुर निवासी गुरतेज सिंह और हरजिंदर सिंह कार से पंजाब जा रहे थे। पंजाब के बटाला के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में मौके पर ही तीनों ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आज मंगलवार को जैसे ही इस हादसे की खबर मिली पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि सामंती विधायक राजकुमार ठुकराल के काफी नजदीक थे। विधायक ठुकराल ने उनके आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की है। आज जहां सीएम पुष्कर सिंह धामी व राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में भाजपा नेता व कार्यकर्ता लगे हुए थे तभी यह दिल को दहला देने वाली ख़बर भी आ गई। तमाम भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनको श्रद्धांजलि दी। पार्टी के तमाम कार्यकर्ता शोक में डूब गये हैं।