UP News | गोरखपुर में पति ने रात में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। रातभर वह पत्नी के शव के साथ ही सोता रहा। सुबह उठकर अपने बड़े भाई पर भी धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घर वालों ने घायल को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की अभी दो महीने पहले ही शादी हुई थी। आरोपी पति को पत्नी के किसी के साथ अवैध संबंध का शक था।
फरवरी में शादी, 21 को विदा होकर आई थी पत्नी
गुलरिहा थाना क्षेत्र के नरायनपुर नंबर दो के टोला हीरागंज निवासी सतीश चौहान अपने पिता रामऔतार और भाई आतिश चौहान के परिवार के साथ रहता है। उसका भाई आतिश ऊपर की मंजिल में अपनी पत्नी के साथ रहता है। जबकि वह स्वयं मां-पिता के साथ नीचे के फ्लोर में रहता है। उसकी शादी 13 फरवरी को महराजगंज जिले के पिपरिहा निवासी सरोज से हुई थी। शादी के एक सप्ताह बाद ही बहू विदा होकर मायके चली गई थी। 21 अप्रैल को ही विदा कराकर ससुराल लाया था।
कल ही पहली बार रसोई में गई थी बहू
बुधवार को घर में नई बहू सरोज के रसोई में प्रवेश की रश्म भी हुई थी। बहू के हाथ का बना खाना सभी ने खाया था। काफी हंसी-खुशी के माहौल में सभी अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे। उसके माता पिता और रिश्तेदार गर्मी के चलते छत पर सो रहे थे। जबिक सतीश अपनी पत्नी सरोज के साथ कमरे में सोने चला गया था।
रात में ही उसने किसी समय अपनी पत्नी सरोज की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह रातभर शव के साथ ही सोता रहा। सुबह घर की पहली मंजिल पर जाकर सोफे पर लेट गया। जब बड़े भाई की पत्नी कमरे से निकलकर बाहर गई तो वह कमरे में घुस गया। यहां पर उसने अपने बड़े भाई आतिश चौहान पर बसुली (धारदार हथियार) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के लोग पहुंचे तो आरोपी भाग निकला।
घर वाले गंभीर घायल आतिश को इलाज के लिए मेडिकल कालेज लेकर गए। जहां पर आतिश की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। लेकिन इतना शोर-शराबा होने के बाद भी सरोज नहीं पहुंची। तो घर वाले नीचे बहू के कमरे में गए तो वह अर्धनग्न हालत में बेड पर मरी पड़ी मिली। बहू के कान से खून निकल रहा था।
नशे का आदी हो गया था सतीश
घर वालों की सूचना के बाद सतीश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसने अवैध संबंध के चलते हत्या करने की बात कही है। घर वालों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से वह नशे का आदी हो गया था। उसने काफी शराब पीनी शुरू कर दी थी। घर के लोगों ने सतीश को कुछ मानसिक समस्या होने की बात भी कही जा रही है। शादी के बाद वह काम करने भी नहीं जाता था।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि गुलरिहा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने रात में अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। रात में वह अपने कमरे में ही था। सुबह उठकर बड़े भाई पर धारदार हथियार से वार किया है। उनकी हालत गंभीर है। मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम से साफ होगा कि हत्या कितने बजे की गई थी।