Almora: नगरवासियों को आवारा पशुओं से निजात दिलाने के सख्त निर्देश

- डीएम ने बैठक लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी ली
- मल्ला महल में चल रहे कायाकल्प कार्यों की समीक्षा की
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा
जिलाधिकारी वंदना ने नगरपालिका के विभिन्न प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नगरवासियों को आवारा पशुओं, बंदरों, गाय-बैल व कुत्तों से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही नगर से गायों को गौशाला पहुंचाने के संबंध हुई कार्यवाही की समीक्षा की तथा जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। डीएम ने एक पृथक बैठक में मल्ला महल के कार्यों की समीक्षा की।
डीएम ने आवारा स्थिति में मिलने वाली टैग लगी गायों के संबंधित गौपालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा लगातार तीन बार गाय के शहर में खुला पाए जाने पर गाय को जब्त कर गौशाला भेजने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। शहर से नवीन कलेक्ट्रेट तक सिटी बस के संचालन हेतु जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही पूरी करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कलेक्ट्रेट मार्ग में बनने वाली सुरक्षा दीवार के कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
सिंगल यूज प्लास्टिक के नियंत्रण के लिए प्रतिबंधित 22 प्रकार की प्लास्टिक पर प्रभावी इंफोर्समेंट करने को भी निर्देशित किया गया। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक के आपूर्तिकर्ता बड़े ठेकेदारों पर कार्रवाई करने हेतु निर्देश दिए गए। इस दौरान डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए जल्द से जल्द प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। शहर में वेंडर गतिविधियों के संचालन के विभिन्न प्रकरणों पर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अल्मोड़ा, भरत त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।
मल्ला महल के कार्यों की समीक्षा
जिलाधिकारी वंदना ने आज मल्ला महल के कायाकल्प के लिए हो रहे कार्यों की समीक्षा की। इस संबंध में विषय विशेषज्ञों से चर्चा की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रिनोवेशन कार्यों को समय सीमा के दृष्टिगत जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। म्यूजियम के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने तथा अवशेष धनराशि को सदुपयोग करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की टेंडरिंग प्रक्रिया को एक हफ्ते में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग संजय भारती, वीथिका सहायक जन्मजेय तिवारी, वर्चुअल जुड़े अनुपम साह समेत अन्य मौजूद रहे।