बागेश्वर: लोक गायकों के गीतों पर झूमे मेलार्थी, ठंड में भी जुटे श्रोता

— उत्तरायणी मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की लगी झड़ी— अब दूसरा गुट हैली सेवा के विरोध में उतरा, समझौता— 21 जनवरी को होगी कुमाऊंनी व्यंजन…

— उत्तरायणी मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की लगी झड़ी
— अब दूसरा गुट हैली सेवा के विरोध में उतरा, समझौता
— 21 जनवरी को होगी कुमाऊंनी व्यंजन प्रतियोगिता

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान पर गायक माया उपाध्याय ने ‘अरे माया तू में बसी गे छ’ समेत तमाम गीतों के जरिये दर्शकों की तालियां बटोरी। ठंड के बावजूद दर्शक आधी रात तक जमे रहे। विशन हरियाला ने ‘मेरी मंजू बाना जरा, मैं जानू दिल्ली चहा पिले दे’ गीत गाया। इसके अलावा युवा गायक अनिल रावत, मनोज आर्य, पूरन सिंह राठौर ने भी सुंदर प्रस्तुति दी। इस मौके पर कपकोट के विधायक सुरेश गढ़िया, नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, मेलाधिकारी एवं एसडीएम हरगिरी, सभासद प्रेम हरड़िया, दीपक खेतवाल, हरीश मेहरा आदि मौजूद थे। दूसरी ओर आज छात्रों का दूसरा गुट हैली सेवा को महाविद्यालय मैदान से संचालित करने के विरोध में उतर आया। बाद में समझौता हो गया।
मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों झड़ी

बागेश्वर: उत्तरायणी मेले में गुरुवार को सुबह से ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची रही। दैण होया दैणा होया पंचनामा देव से कार्यक्रमों का प्रारंभ हुआ। स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद मेलार्थियों ने कार्यक्रमों का जमकर आनंद उठाया।
ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान पर आयोजित मेले के कार्यक्रमों में दिल्ली से आई शास्त्रीय गायक मधुबेरिया साह ने दिन के कार्यक्रमों में चार चांद लगा दिए। बागेश्वर की महिमा दुनिया जाणी छ, सरयू गोमती संगा म आणि छ, सुवा बणी गैछ झकझोरा, मै ल जाणू छै को डांडयू ओरा, के संध्या झूली रैछ भगवान नलीकंठ हिमालय और बेड़ पाको बारामास गीतों के जरिए दर्शकों की जमकर तालियां बंटोरी। उनका उत्तराखंड में यह पहला शो था।
उमावि क्वैराली, राबाइंका बागेश्वर, बाल विद्या मंदिर, गायत्री विद्या मंदिर के स्कूली बच्चों ने कुमाऊंनी गीत और नृत्य पेश किए। गायक तारा पथनी ने एकल गीत गाया। इसके अलावा पिंडर घाटी बहुउद्देश्यीय समिति थराली, मां भगवती कला मंच चौगांवछीना, जय भैरवनाथ कला मंच आदि ने शानदार प्रस्तुति दी।
फिर हैली सेवा का विरोध, समझौता

बागेश्वर: हेलीकाप्टर फिर से पीजी कालेज से उड़ान भरी, किंतु छात्रों का दूसरा गुट विरोध में उतर आया। उपजिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो पाया। मेलार्थियों को नगर पालिका ने पहली बार हेलीकाप्टर की सेवा दी है। हेलीकाप्टर में बैठने को लेकर मेलार्थियों में काफी उत्सुकता है। हालांकि मजबूत आर्थिक स्थिति वाले लोग इसका लुत्फ उठाने पीजी कालेज के खेल मैदान पहुंच रहे हैं। बीते दिवस छात्रसंघ के विरोध के बाद सेवा को पुलिस लाइन से संचालित किया गया। जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने छात्रसंघ से वार्ता की और वह मान गए। गुरुवार से पीजी कालेज से सेवा प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया, लेकिन छात्रों का दूसरा गुट विरोध में उतर आया। आधे घंटे की जद्दोजहद के बाद उपजिलाधिकारी हरगिरी ने समझौता करा लिया। इधर, जिलाधिकारी ने कहा कि अब पीजी कालेज खेल मैदान से ही हेलीकाप्टर संचालित होगा।
21 जनवरी को कुमाऊंनी व्यंजन प्रतियोगिता

बागेश्वर: उत्तरायणी मेले में 21 जनवरी को कुमाऊंनी व्यंजन प्रतियोगिता होगी। जिसके लिए कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी गीतांजलि बंगारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यह प्रतियोगिता पालिका परिसर पर आयोजित की जाएगी। नोडल अधिकारी ने बताया कि तीन श्रेणी में प्रतियोगिता होगी। मीठा, स्नैक्स, भोजन की थाली प्रतियोगिता में 18 से अधिक उम्र की बालिका और महिलाएं प्रतिभाग करेंगी। प्रथम, द्वितीय, तृतीय विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *