अल्मोड़ा: पिछले वायदे भूली, अब 2047 का सपना दिखा रही मोदी सरकार: करन माहरा

✍🏻 अल्मोड़ा में कांग्रेस की चुनावी सभा में बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ✍🏻 भाजपा के झूठे वादे को समझ चुकी जनता, अब परिवर्तन निश्चित सीएनई…

पिछले वायदे भूली, अब 2047 का सपना दिखा रही मोदी सरकार: करन माहरा

✍🏻 अल्मोड़ा में कांग्रेस की चुनावी सभा में बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
✍🏻 भाजपा के झूठे वादे को समझ चुकी जनता, अब परिवर्तन निश्चित

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: मोदी सरकार ने पिछले चुनावों में बड़े—बड़े वायदे किए थे, मगर सब हासिए में डाल दिए गए। उन्होंने कहा कि साल में दो करोड़ लोगों को रोजगार देने, काला धन वापस लाने और लोगों के खातों में 15 लाख रुपये डालने, 200 शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने, बुलेट ट्रेन चलाने वाली भाजपा केंद्र की सत्ता में काबिज होने के बाद सब भूल गई और कुछ धरनासेठों को मजबूत बनाने में जुट गई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आम जनता की वर्तमान मूलभूत जरूरतों की बात नहीं कर रही बल्कि वर्ष 2047 में विकसित भारत का सपना दिखा रही है, लेकिन तब तक एक पीढ़ी बीच चुकी होगी।

उक्त बात आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आज अल्मोड़ा के ऐतिहासिक रैमजे इंटर कालेज प्रांगण में पार्टी प्रत्याशी प्रदीप टम्टा के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने भाजपा पर तीखे वार करते हुए पूछा कि भाजपा ने विगत लोकसभा चुनावों में जो वायदे किए थे, उन वायदों का क्या हुआ? उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी बढ़ने के साथ ही कानून व्यवस्था ध्वस्त रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की बात करने वाली भाजपा में आज महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा इस बात के उदाहरण अंकिता हत्याकांड, मणिपुर की घटना, हाथरस, उन्नाव, देश को मेडल दिलाने वाली महिला पहलवानों आदि घटनाएं हैं। उन्होंने कहा कि धर्म की बात करने वाली भाजपा सरकार में लाखों लोगों की अटूट आस्था का केंद्र केदारनाथधाम से 223 किलो सोना गायब हो गया। उसकी जांच नहीं बिठाई। उन्होंने जोशीमठ की बर्बादी के लिए भी भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा सरकार ने पहले सबूत मिटाए और सख्त कार्यवाही करने के बजाय प्रकरण में आ रहे वीआईपी को बचाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि जनता के हित में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में 05 न्याय की बातें शामिल की हैं, इसके अतिरिक्त 25 गांरटियां दीं हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन सत्ता में आते ही अग्निवीर योजना खत्म कर पुरानी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी और पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 साल सांसद रहने के बावजूद उनके द्वारा इस संसदीय क्षेत्र में कोई कार्य नहीं किया गया और उनकी उदासीनता से सांसद निधि का 30—40 फीसदी धन वापस हो गया। उन्होंने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा ने कहा कि उनके सांसद रहते टनकपुर—बागेश्वर व रामनगर—चौखुटिया रेल लाइनें स्वीकृत हुई थीं, इसके बाद भी भाजपा के सांसद अजय टम्टा ने इनके कार्य को आगे बढ़ाने में कोई दिलचस्पी नहीं ली। उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद उन्हें मिला, तो वे यहां की समस्याओं को सदन में उठाने के साथ ही क्षेत्र के विकास के​ लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। इससे पूर्व अन्य वक्ताओं ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा और जनता से हर मामले में वायदाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में परिवर्तन की लहर चली है, निश्चित ही उत्तराखंड में इस लहर के चलते पांचों सीटें कांग्रेस की झोली में जाएंगी। सभी वक्ताओं ने बेरोजगारी, महंगाई, अग्निवीर योजना, भ्रष्टाचार के मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज की अध्यक्षता में हुई जनसभा का संचालन कांग्रेस की जिला महामंत्री गीता महरा व नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने संयुक्त रुप से किया।

सभा के प्रमुख वक्ताओं में अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी, द्वाराहाट के विधायक मदन बिष्ट, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीति बिष्ट, वैभव पांडे, प्रताप सिंह सत्याल, दीवान सतवाल आदि शामिल रहे। सभा में मुख्य रुप से पूर्व दर्जा मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, पूर्व​ जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष मनोज सनवाल, महिला सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष शोभा जोशी, पूर्व प्रमुख रमेश भाकुनी, पारितोष जोशी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राधा बिष्ट, तारा चंद्र साह, दीवान भैसोड़ा, दीप डांगी, प्रशांत भैसोड़ा, लता​ तिवारी सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *