हल्द्वानी में रात 12:30 बजे के बाद डीजे बजाने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। नैनीताल SSP के निर्देश पर पुलिस ने डीजे संचालक का चालान किया और डीजे उपकरण जब्त किए। पढ़ें पूरी खबर।
CNE REPORTER/हल्द्वानी में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाना एक डीजे संचालक को भारी पड़ गया। निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन करने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डीजे उपकरणों को कब्जे में लिया और पुलिस एक्ट के तहत चालान किया।
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर रात 10 बजे के बाद डीजे संचालन पर सख्ती की जा रही है। इसी क्रम में 29 नवंबर 2025 को सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली हल्द्वानी पुलिस को नीलांचल कॉलोनी में रात 12 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की शिकायत मिली।
छत पर लगा था डीजे, तेज आवाज़ में चल रहा था गाना
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भोटिया पड़ाव, अनिल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में रात 12:35 बजे नीलांचल कॉलोनी की एक छत पर तेज ध्वनि में संगीत बजाया जाना पाया गया। निर्धारित समय और ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर डीजे स्वामी भूपेंद्र मौर्या का पुलिस एक्ट की धारा 51(3)/83 में चालान किया गया।
बताया जा रहा है कि यह डीजे वाला बाबू – भूपेंद्र मौर्या पहले भी देर रात तक डीजे बजाने का आदी रहा है। दोबारा ऐसा न हो, इसलिए पुलिस ने उसके डीजे उपकरणों को कब्जे में ले लिया।

