‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चला चेकिंग अभियान, तस्करों पर कसा शिकंजा
CNE REPORTER, HALDWANI : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नैनीताल जनपद की कालाढूंगी और मुखानी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची शराब की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है, साथ ही एनआई एक्ट (NI Act) के तहत वांछित एक वारंटी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में जनपद में अपराध और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु यह सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मनोज कत्याल, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, सुमीत पांडे, क्षेत्राधिकारी रामनगर और अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में कालाढूंगी और मुखानी थाना स्तर पर गठित टीमों द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई।
कालाढूंगी पुलिस ने ग्राम कनकपुर और वन चौकी बैलपड़ाव क्षेत्र से आरोपी सतनाम सिंह निवासी बाजपुर को 20 लीटर और जसवंत सिंह निवासी बाजपुर को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, मुखानी पुलिस ने लामाचौड़ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी राजा राजपूत निवासी कोटाबाग को 64 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ दबोचा। इसके अतिरिक्त, मुखानी पुलिस ने धारा 138 एनआई एक्ट के मामले में फरार चल रहे वारंटी हीरा सिंह बिष्ट निवासी बड़ी मुखानी को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार, अपर उप निरीक्षक लेखराज सिंह, जयपाल सिंह, दिनेश राणा, मुख्य आरक्षी मोहम्मद अकरम, आरक्षी अमनदीप सिंह, किशन नाथ, अखिलेश तिवारी, प्रीतम सिंह, पूरन सिंह, प्रवीण सिंह और हरीश रावत शामिल रहे।


