अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा ने हाईटेक शौचालय का संचालन शुरू करने की घोषणा की। भाजपा पार्षदों से मुलाकात के दौरान उन्होंने बंदरों की समस्या के समाधान के लिए टेंडर कोटेशन जारी करने और स्थाई नगर आयुक्त की नियुक्ति हेतु मुख्यमंत्री से बात करने की जानकारी दी।
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा ने सोमवार को घोषणा की कि बहुप्रतीक्षित माल रोड स्थित हाईटेक शौचालय का संचालन शुरू कर दिया गया है। यह निर्णय भारतीय जनता पार्टी के नगर निगम पार्षदों के शिष्टमंडल से मुलाकात के बाद लिया गया, जिन्होंने शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर मेयर को अवगत कराया।
मेयर वर्मा ने शहर की एक प्रमुख समस्या बंदरों के आतंक से निपटने के लिए भी नई पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में हुए ई-टेंडरिंग में किसी के भाग न लेने के कारण, अब टेंडर कोटेशन के माध्यम से बंदर पकड़ने की विज्ञप्ति जारी की जा रही है, और यह कार्य शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा।

स्थाई नगर आयुक्त की नियुक्ति जल्द
भाजपा पार्षदों के शिष्टमंडल ने मेयर अजय वर्मा से मुलाकात कर नगर निगम से संबंधित कई ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान, मेयर वर्मा ने आश्वस्त किया कि वे स्थाई नगर आयुक्त की नियुक्ति के लिए भी लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है और मुख्यमंत्री जी ने अल्मोड़ा नगर निगम में शीघ्र ही नगर आयुक्त की नियुक्ति का आश्वासन दिया है।
इसके अतिरिक्त, मेयर वर्मा ने नगर हित में कई परियोजनाओं को पारित कराने हेतु शासन स्तर पर भेजने की जानकारी दी और विश्वास व्यक्त किया कि ये योजनाएं भी जल्द ही धरातल पर उतरेंगी। इस मुलाकात के दौरान पार्षद अमित साह मोनू, अर्जुन बिष्ट, श्याम पांडे, श्रीमती आशा बिष्ट, मीरा मिश्रा, पूनम त्रिपाठी, नेहा टम्टा, पूनम वर्मा, वंदना वर्मा, ज्योति साह, विजय भट्ट, इंदर मोहन भंडारी, अभिषेक जोशी, राहुल जोशी, संजय जोशी, देवेश बिष्ट, एकता वर्मा, पूर्व सभासद कैलाश गुरुरानी, पूर्व सभासद मनोज जोशी आदि उपस्थित थे।
जनहित में हाईटेक शौचालय खुला, बंदर पकड़ने के लिए कोटेशन : सहायक नगर आयुक्त
इधर सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह ने जानकारी दी कि आम जनहित में निर्मित हाईटेक शौचालय, जो मुंशी हरिप्रसाद टम्टा धर्मशाला के सामने स्थित है, को 01 दिसंबर 2025 से आम जनता के लिए खोल दिया गया है। वर्तमान में नगर निगम द्वारा अग्रिम व्यवस्था होने तक इसका संचालन स्वंय किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नगर में कटखने बंदरों को पकड़ने के लिए नगर निगम द्वारा कोटेशन सूचना समाचार पत्रों में प्रकाशन हेतु भेज दी गई है। कोटेशन प्राप्त होते ही यथाशीघ्र बंदरों को पकड़ने की कार्यवाही प्रारम्भ कर दी जाएगी।
