देहरादून में खड़गे बोले- भाजपा के लोग मोदी को विष्णु का 11वां अवतार बनने निकले हैं

देहरादून | कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को देहरादून में कहा कि राहुल गांधी की वजह से आज-कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को…

देहरादून में खड़गे बोले- भाजपा के लोग मोदी को विष्णु का 11वां अवतार बनने निकले हैं

देहरादून | कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को देहरादून में कहा कि राहुल गांधी की वजह से आज-कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नींद नहीं आती है। उनके सपने में पहले नेहरू, राजीव गांधी और सोनिया गांधी आते थे। भाजपा के लोग उन्हें विष्णु का 11वां अवतार बनाने पर लगे हुए हैं।

लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच खड़गे उत्तराखंड पहुंचे थे। देहरादून में वे कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं। भाजपा देश को लूट रही है।

खड़गे की स्पीच की बड़ी बातें…

1- हवाई यात्रा के लिए भी मोदी जी की परमिशन लेनी पड़ती है

खड़गे ने सभा में देरी से आने पर माफी मांगी। उन्होंने कहा- देरी से आने के लिए माफी मांगता हूं। आजकल हवाई यात्रा के लिए भी मोदी जी की परमिशन लेनी पड़ती है। लैंडिंग के लिए भी परमिशन लेनी पड़ती है। यह लोग (BJP) कांग्रेस नेताओं को सताते हैं। बीजेपी की सरकार में विपक्ष के नेताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।

2- कुछ लोग मोदी जी को विष्णु का 11वां अवतार बनाने निकले हैं

खड़गे ने कहा कि धर्म अलग होता है, राज करने की जगह अलग होती है। सुबह अपने गुरुजन का चेहरा नहीं देख पाते, लेकिन जब टीवी खोलते हैं तो मोदी जी का चेहरा देखने को मिलता है। भाजपा के लोग मोदी जी को विष्णु का 11वां अवतार बनाने निकले हैं। भाजपा सिर्फ झूठ बोलती हैं, झूठ का मायाजाल बुनती है।

3- कांग्रेस ने देश के लिए कुर्बानी दी, भाजपा के लोगों ने क्या किया

उन्होंने कहा कि PM मोदी के सपने में नेहरू जी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी आते हैं। राहुल गांधी तो PM मोदी को सोने नहीं दे रहे हैं। देश के लिए इंदिरा गांधी ने जान दी, राजीव गांधी ने जान दी। नेहरू जी, महात्मा गांधी देश की आजादी के लिए कई साल जेल में रहे। बीजेपी के लोगों ने क्या किया है। यह लोग डर रहे हैं।

4- राहुल की न्याय यात्रा पर भाजपा शासित राज्य में हमला हुआ

खड़गे ने असम में भारत जोड़ा यात्रा पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक राहुल गांधी ने पहली यात्रा निकाली, कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई। इस बार असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमला किया गया, गाड़ियों पर पत्थर मारे गए। बीजेपी के शासन वाले राज्य में पत्थर मारे गए, बैनर-पोस्टर फाड़े गए।

5- अंकिता भंडारी केस और जोशीमठ आपदा का भी जिक्र किया

कांग्रेस अध्यक्ष ने अंकिता भंडारी का जिक्र करते हुए कहा कि दोषियों को आज तक सजा क्यों नहीं मिल पाई। साथ ही जोशीमठ आपदा का भी जिक्र किया। खड़गे ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर भी सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा है कि देश का विकास सिर्फ कांग्रेस ने किया है। भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है। देश को लूटने का काम किया जा रहा है।

6- झूठे वादे करना ही मोदी की गारंटी

खड़गे ने कहा, जगह-जगह मोदी की गारंटी के नारे लगाए जा रहे हैं। काला धन लाकर 15 लाख खाते में देने, दो करोड़ नौकरियां, किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज तक लोगों को न तो 15 लाख रुपये मिले और न ही नौकरियां मिलीं। यही मोदी की गारंटी है। यूजीसी अधिसूचना जारी कर विवि में आरक्षण खत्म करने जा रही है। इससे मोदी की मैरिट में आने वाले को ही नौकरी मिलेगी। रेलवे, केंद्रीय स्कूलों में शिक्षकों के 30 लाख पद खाली हैं, लेकिन इन पदों पर नौकरियां नहीं दी जा रही है। सिर्फ फोटो खींचने के लिए भर्तियां की जा रही है।

7- क्या हम झाड़ू लगाने के लिए हैं

खड़गे ने कहा, भाजपा बोल रही देश की रक्षा के लिए मोदी हैं। क्या हम झाड़ू लगाने के लिए हैं। आजादी कांग्रेस की वजह से मिली है। महिलाओं को वोट का अधिकार कांग्रेस ने दिलाया। आज भाजपा हमें देशभक्ति, आजादी की सीख दे रही है।

8- महिलाओं को संविधान में वोटिंग का अधिकार कांग्रेस ने दिया

खरगे ने कहा, दुनिया के कई देशों में महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं था। किसी ने 100 साल तो किसी ने 200 साल बाद महिलाओं को ये अधिकार दिया, लेकिन कांग्रेस ने संविधान में ही महिलाओं को वोटिंग का अधिकार दिया है। उन्होंने मोदी सरकार पर महिलाओं की वोटिंग पावर खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा, इस तरह ही चलता रहा तो एक दिन वो देश को डुबो देंगे, लेकिन कांग्रेस और हम सब मिलकर ऐसा होने नहीं देंगे।

शनिवार रात तक नहीं मिली थी हेलिकॉप्टर उतारने की अनुमति

खड़गे के हेलिकॉप्टर के लिए हेलीपैड पर उतरने की अनुमति नहीं मिलने के विरोध में शनिवार को कांग्रेस ने पुलिस मुख्यालय में धरना दिया था। बाद में पुलिस ने धरने पर बैठे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हटाया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी मौके पर पहुंचे। उनकी SSP अजय कुमार के साथ बहस हुई। आर्य ने कहा कि पुलिस तानाशाही रवैये से काम कर रही है। धामी सरकार के दबाव में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को फेल करने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस ने कहा कि पुलिस लाइन में कई बार मुख्यमंत्री और VIP के हेलिकॉप्टर उतरे हैं, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष का हेलिकॉप्टर उतरने की परमिशन नहीं दी जा रही। SP ने कहा पुलिस लाइन में हेलिकॉप्टर लैंडिंग जोन नहीं है। इसलिए वहां हेलिकॉप्टर नहीं उतरने दिया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *