HomeUttarakhandAlmoraअल्मोड़ा: सड़क व्यवधान को लेकर अब देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने तनी...

अल्मोड़ा: सड़क व्यवधान को लेकर अब देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने तनी भौहें

✍️ नगर की जाखनदेवी सड़क का काम रात कराने की मांग उठाई
✍️ शिष्टमंडल ने ईई से मिला, अदालत की शरण लेने की धमकी

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरु होने के बाद से करीब 4 महीनों से बाधित चल रहे नगर के जाखनदेवी मोटरमार्ग में इस बीच सुधारीकरण व डामरीकरण का कार्य चल रहा है। लंबे समय से सड़क के असुविधाजनक व बाधित रहने और अभी काफी समय तक यही स्थिति बने रहने पर देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा ने कड़ी आपत्ति जता दी है। आज संगठन के पदाधिकारियों का शिष्टमंडल निर्माण एजेंसी जल निगम के अधिशासी अभियंता से उनके कार्यालय में मिला। उन्हें बताया कि सड़क में 4 महीनों से आ रहे व्यवधान से नगर में व्यापार प्रभावित हुआ है और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा है। अब उन्हेांने जाखनदेवी मोटरमार्ग में सीवर लाइन व डामरीकरण का कार्य दिन के बजाय रात्रि में करने तथा जल्द से जल्द इसे पूरा करने की पुरजोर मांग उठा दी है। यहां तक कि ऐसा नहीं होने की दशा में अदालत का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी है।

शिष्टमंडल का कहना था कि विभाग ने 3 जनवरी से 31 जनवरी 2024 तक का समय जाखनदेवी सड़क में सीवर लाइन बिछाने के कार्य के लिए मांगा था और इस सड़क पर 3 जनवरी से आवागमन ठप कर दिया गया, लेकिन हद ये हो गई कि 04 महीने गुजरने के बावजूद सड़क का कार्य आधा हुआ है और सड़क मुश्किलभरी हो गई है। जिसका खामियाजा क्षेत्रीय लोग व यात्री भारी परेशानी के रुप में भुगत रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कार्य की धीमी गति एवं लापरवाही से हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क बाधित होने से 4 महीनों नगर के व्यापारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब फिर सड़क का अधूरा काम पूरा करने व डामरीकरण करने के लिए विभाग ने फिलहाल 31 मई, 2024 तक के लिए समय लिया है। उन्होंने इस अवधि में भी कार्य पूर्ण होने पर संदेह जताया।

उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन में सड़क पर आवागमन में व्यवधान होने से नगर में व्यापारियों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग उठा दी कि यह काम दिन के बजाय रात्रि में द्रुत गति से कराया जाए और सुबह से सांय 7 बजे तक सड़क को हल्के वाहनों के लिए खोला जाए। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने चेताते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ और कार्य जल्द पूरा नहीं हुआ, तो संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही का दंश आम जनता, यात्रियों व व्यापारियों को झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मांग नहीं मानी, तो वे विभाग के खिलाफ न्यायालय में जाने को मजबूर हो जायेंगे।

श्री पवार ने बताया कि अधिशासी अभियंता ने शिष्टमंडल को आश्वस्थ किया है कि ठेकेदार से वार्ता कर रात्रि में सोलिंग व डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। संगठन के नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’ ने भी विभाग को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि व्यपारियों का हित सर्वोपरि है और व्यपारियों का अहित किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिष्टमंडल में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू, नगर महामंत्री दीप चंद्र जोशी, उपाध्यक्ष आनन्द सिंह भोज, सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला, नीकेष उपाध्याय, उमेश उपाध्याय, हेम चन्द्र गुरुरानी, विक्रम साह, सुधीर गुप्ता, मनीष मल्होत्रा आदि शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments