जिलाधिकारी अल्मोड़ा को सौंपा ज्ञापन
CNE REPORTER, पनुवानौला/अल्मोड़ा। जनपद के धौलादेवी विकासखंड के अंतर्गत ग्रामसभा खोला से भगवती मंदिर तक करीब तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। पिछले कई वर्षों से लंबित इस मांग के पूरा न होने पर ग्रामीणों ने आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्ण बहिष्कार का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि “सड़क नहीं तो वोट नहीं”।
2016 से अटका है प्रोजेक्ट
ग्रामीणों के अनुसार, खोला से भगवती मंदिर तक मोटर मार्ग का प्रस्ताव वर्ष 2016 में ही तैयार किया गया था लेकिन एक दशक बीतने को है और धरातल पर अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस मार्ग के न बनने से क्षेत्र के 1066 मतदाताओं सहित हजारों की आबादी प्रभावित हो रही है।

बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष
ग्राम प्रधान रमा गैड़ा के नेतृत्व में जिलाधिकारी को भेजे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क के अभाव में:
- बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है।
- स्कूली बच्चों को लंबी दूरी तय कर पैदल विद्यालय जाना पड़ता है।
- किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुँचाने में भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आंदोलन की रणनीति
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र ही निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई, तो वे केवल चुनाव का बहिष्कार ही नहीं करेंगे, बल्कि जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन और उग्र जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार, क्षेत्रीय विधायक और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को भी भेजी गई हैं।
यह भी उल्लेखनीय है कि यह संपूर्ण क्षेत्र सब्जी उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। यहां प्रचूर मात्रा में सब्जी उगाई जाती है, लेकिन सड़क के अभाव में उत्पादित माल समय से शहरों तक नहीं पहुंच पाता है। जिससे सब्जी उत्पादकों को मायूस होना पड़ता है। इसके अलावा यह प्रस्तावित सड़क रौतगांव,घटेधार, भगवती मंदिर और जिनाड आदि तोकों को जोड़ेगी, जिसके बनने का लाभ एक बड़ी आबादी को मिलेगा।
इन ग्रामीणों ने बुलंद की आवाज
इस मांग और आंदोलन को समर्थन देने वालों में मुख्य रूप से ग्राम प्रधान रमा गैड़ा, मनीष सिंह गैड़ा, खीम सिंह, सूरज गैड़ा, मोनू, पंकज सिंह गैड़ा, गोविन्द सिंह गैड़ा, कुन्दन सिंह गैड़ा, बचे सिंह गैड़ा और गोपाल सिंह गैड़ा सहित समस्त ग्रामवासी शामिल हैं।


