विपक्ष पर बोला तीखा हमला
रानीखेत | सीएनई संवाददाता : महिला आरक्षण विधेयक के सदन में गिरने के बाद प्रदेश में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। गुरुवार को रानीखेत पहुंचीं आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) भावना मेहरा ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्ष ने अपनी नकारात्मकता से देश की करोड़ों महिलाओं के सुनहरे सपनों की हत्या की है।

विपक्ष की कथनी और करनी में अंतर
प्रेस वार्ता के दौरान भावना मेहरा ने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण का ढोंग करने वाला विपक्ष निर्णायक मोड़ पर महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़ा हो गया। उन्होंने कहा:
“विपक्ष की ‘ना’ ने केवल एक विधेयक को नहीं रोका, बल्कि देश की बेटियों के राजनीतिक भविष्य का गला घोंटने का काम किया है। भाजपा हमेशा से महिलाओं की भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध रही है, लेकिन विपक्ष को डर है कि साधारण पृष्ठभूमि की महिलाएं आगे आईं तो उनकी ‘परिवारवाद’ की राजनीति को सीधी चुनौती मिलेगी।”
मेहरा ने इसे देश की महिलाओं के साथ खुला विश्वासघात करार देते हुए कहा कि जनता आने वाले समय में इस रवैये का करारा जवाब देगी।
विधायक प्रमोद नैनवाल ने कांग्रेस को घेरा
क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने भी कांग्रेस और विपक्षी दलों के रुख को बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिवेश में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में समान अधिकार मिलना अनिवार्य है। जब भी महिलाओं को वास्तविक शक्ति देने का समय आता है, कांग्रेस जैसे दल पीछे हट जाते हैं, जो उनकी महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
राज्यमंत्री का भव्य स्वागत
प्रेस वार्ता से पूर्व रानीखेत आगमन पर कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री भावना मेहरा का पुष्प गुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान संगठन की एकजुटता और आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई।
प्रेस वार्ता और स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, प्रदेश मंत्री विमला रावत, जिला पंचायत सदस्य बीना बिष्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमा नेगी, मंडल अध्यक्ष राम सिंह रावत, मंडल मंत्री महेंद्र रावत, जिला उपाध्यक्ष गणेश राम, जिला महामंत्री ध्यान सिंह नेगी, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष तनुजा साह, कोषाध्यक्ष सरिता पांडेय, मोहन नेगी, प्रदीप बिष्ट, जगदीश अग्रवाल, लता पांडेय, युवा मोर्चा अध्यक्ष साहिल बेलवाल, मुकेश पांडेय और रमेश सिंह खनायत सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।


