उत्तराखंड : बदमाशों ने सरेबाजार पुलिसकर्मियों पर चलाई गोली, हुए फरार

हरिद्वार/लक्सर| लक्सर में बदमाशों ने सरेबाजार पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। गोली लगने से एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को…

हरिद्वार/लक्सर| लक्सर में बदमाशों ने सरेबाजार पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। गोली लगने से एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को छर्रे लगे। वारदात को अंजाम देकर बदमाश ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए फरार हो गए। नगर के अतिव्यस्त हरिद्वार मार्ग पर हुई घटना के बाद हडकंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।

दो बाइक पर घूम रहे थे पांच बदमाश

रविवार की देर शाम को चेतक पर तैनात कांस्टेबल राजेंद्र चौहान व सतेंद्र नेगी नगर के हरिद्वार मार्ग पर गश्त पर थे। इस दौरान नगर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से अलग अलग दो बाइक पर पहुंचे पांच बदमाश यहां घूम रहे थे। संदिग्ध व्यक्तियों के देख यहां पहले से मौजूद कांस्टेबल पंचम को संदेह हुआ। बदमाश जब नगर में फ्लाईओवर की ओर बढ़ रहे थे तो पंचम ने चेतक पर तैनात पुलिसकर्मियों को उन्हें पकड़ने का इशारा किया और उनकी और बढ़ने लगे।

बदमाशों को पकड़ने आगे बढ़े तो चला दी गोली

चेतक पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अपनी बाइक बदमाशों की ओर बढ़ाते हुए जैसे ही उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली कांस्टेबल राजेंद्र चौहान के दाहिने पैर पर लगी जबकि पंचम को छर्रे लगे। पुलिसकर्मी वहीं गिर पड़े। इस बीच तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए। जबकि दो पैदल भागने में सफल रहे।

सूचना म‍िलते ही मौके पर पहुंचा पुल‍िसबल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने छह राउंड फायरिंग की। पुलिसकर्मियों को गोली लगते ही शोर मच गया। आसपास के दुकानदार और व्यक्ति मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर सीओ हेमेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट व बाजार चौकी प्रभारी नीरज रावत पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे।

घायल पुल‍िसकर्मी को हायर सेंटर क‍िया रेफर

घायल पुलिसकर्मी को निकट के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। इसके बाद गंभीर हालत के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने के तक बदमाशों का सुराग नहीं लग सका था। पुलिस फिलहाल बदमाशों की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान कर प्रयास किया जा रहा है। सीओ हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि गोली लगने से एक पुलिसकर्मी गंभीर घायल हुआ है, जबकि दूसरे को छर्रे लगे हैं। बदमाशों की तलाश की जा रही है।

Almora: नाबालिग लड़की अचानक हुई गुम, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ढूंढा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *