बागेश्वर। कपकोट के भनार गांव में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने मृतका के भाई के सामने आने के बाद यू टर्न आ गया है। मृतका के भाई ने आज पुलिस थाने पहुंच कर अपने ही जीजा के खिलाफ तहरीर सौंपी उसने आरोप लगाया कि मृतका का पति व अन्य ससुराली उसका लगातार उत्पीड़न करते आ रहे थे और उसे पूरा यकीन है कि उसकी बहन को पति ने ही अपने परिजनों के साथ मिल कर मार दिया और फिर फांसी पर लटका दिया।
विदित रहे कि भनार गांव के नैकाना तोक निवासी 40 साल की भवानी देवी पत्नी भूपाल सिंह का शव शुक्रवार को कमरे में संदिग्ध अवस्था में लटका हुआ मिला था। सूचना के बाद पुलिस ने शनिवार को शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। रविवार की सुबह मृतका का भाई शामा निवासी गिरीश कोरंगा जिला चिकित्सालय पहुंचा। उसने बहिन की मौत को हत्या बताया और उसके पति को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। उसने बताया कि शुक्रवार की रात उसे घटना की जानकारी मिली थी। उसने कहा कि परिवार के लोग उसका लंबे समय से उत्पीड़न करते आ रहे थे। गिरीश का दावा था कि इस बार उन्होंने भवानी को मारकर टांग दिया। उसका कहना है कि जहां उसे टांगा गया है वहां की ऊंचाई चार फिट है, जबकि मृतका की ऊंचाई पांच फिट है। फांसी के फंदे पर लटकी बहन के घुटने जमीन पर हैं। उसने दावा किया कि घटना को अंजाम देने में उसकी बुआ का भी हाथ है। उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। उधर कपकोट के थानाध्यक्ष कैलाश बिष्ट ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा जा चुका है। मृतका के भाई की तहरीर थाने में आई है। पुलिस प्रकरण की निष्पक्षता से जांच करेगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
बागेश्वर न्यूज : कपकोट के भनार गांव में महिला की आत्महत्या मामले में यू टर्न, मृतका के भाई ने लगाए जीजा व परिजनों पर हत्या के आरोप
ADVERTISEMENTS
ADVERTISEMENTS






























