बनभूलपुरा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा
CNE REPORTER, हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 10.26 ग्राम स्मैक और 144 पव्वे मसालेदार माल्टा शराब बरामद कर एक युवती समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

देखिए पूरा VIDEO

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में नशे की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारियों को नशा तस्करों की धरपकड़ कर उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीमें क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थीं।
गौला पार्किंग के पास 10.26 ग्राम स्मैक के साथ युवती गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को बनभूलपुरा पुलिस की टीम शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गौला पार्किंग में सज्जाद की झोपड़ी के पास पुलिस ने एक युवती को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा।
तलाशी के दौरान युवती के कब्जे से 10.26 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी शहनाज पुत्री समीम, निवासी 13 बीघा, ट्यूबवेल वाली गली, इंद्रानगर, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 20 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम की धारा 8, 21 और 29 के तहत अभियोग दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मोनी टम्टा, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल लक्ष्मण राम शामिल रहे।
स्कूटी से ले जाए जा रहे थे माल्टा शराब के 144 पव्वे
दूसरी कार्रवाई में बनभूलपुरा पुलिस ने गौला पुल पर वाहन जांच के दौरान एक स्कूटी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को गौला पुल पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान उत्तराखंड पंजीकरण संख्या यूके 04 एटी 4457 की स्कूटी को रोककर जांच की गई।
स्कूटी में रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर उसके अंदर शराब की तीन पेटियां मिलीं। पेटियों से कुल 144 पव्वे मसालेदार माल्टा शराब बरामद की गई। शराब से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने स्कूटी सवार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय नीरज जोशी पुत्र हरीश जोशी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का स्थायी पता एनडीटी क्षेत्र, थाना अल्मोड़ा, जिला अल्मोड़ा है, जबकि वह वर्तमान में हीरानगर, मुखानी में रह रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 और 72 के तहत अभियोग दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
शराब बरामदगी की कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, कांस्टेबल महबूब अली और कांस्टेबल ललित नाथ शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


