गणमान्य लोगों के साथ हुई बैठक
सीएनई रिपोर्टर, रानीखेत। सांस्कृतिक एवं पर्यटन नगरी रानीखेत में दुर्गा पूजा, नवरात्र, रामलीला सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर कोतवाल बीसी जोशी ने रविवार को नगर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं बुद्धिजीवियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
बैठक में आगामी दशहरा, दुर्गा पूजा महोत्सव, वाल्मीकि प्रकट दिवस और दीपावली के दौरान नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, दोपहिया वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने तथा धार्मिक आयोजनों और शोभायात्राओं के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने सहित विभिन्न सुझाव रखे।
जनता की समस्याओं के समाधान को पुलिस तत्पर
बैठक के दौरान कोतवाल बीसी जोशी ने कहा कि नगर की समस्याओं के समाधान और आम जनता को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक उत्सवों एवं शोभायात्राओं को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका रहेगी और इसके लिए संबंधित संस्थाओं तथा नगर प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूर्व से निर्धारित डायवर्जन और रूट व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस बल आवश्यक सहयोग करेगा, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान आम नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सहयोग और समन्वय पर दिया जोर
बैठक में उपस्थित नगर के प्रतिनिधियों ने भी धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की बात कही। बैठक में सामने आए सुझावों के आधार पर आगामी त्योहारों के दौरान व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर छावनी परिषद के एकल सदस्य मोहन नेगी, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय, अगस्त लाल साह, मंदिर कमेटी से जगदीश अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, सतीश पांडेय, जगदीश वाल्मीकि, रोहित सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।











