➥ बुरांश सपोर्टिंग हैंड फाउंडेशन की भिकियासैंण में जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: बुरांश सपोर्टिंग हैंड फाउंडेशन की ओर से आंखर पुस्तकालय भिकियासैंण में शुक्रवार को मुंशी प्रेमचंद की जयंती के उपलक्ष्य में एक विचार गोष्ठी हुई। जिसमें मुंशी प्रेमचंद के जीवन दर्शन तथा साहित्य पर परिचर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद की दूरदर्शी सोच ने समाज के असली रूप को बयां किया।

वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक परिवेश में घटित घटनाएं एवं वर्णित मान्यताएं प्रेमचंद की लेखनी का हिस्सा रहीं और उन्होंने इस लेखनी के जरिये मानवीय संवेदनाओं के असल दर्द को बयां किया। विचार गोष्ठी में संकुल समन्वयक संकुल क्वैरला पवन कुमार ने प्रेमचंद के साहित्यिक विरासत को प्रस्तुत किया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक हेमन्त कुमार ने बताया कि हाल ही में स्थापित आंखर पुस्तकालय शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही रचनात्मक गतिविधियों का एक प्रमुख केन्द्र बन रहा है। मुंशी प्रेमचंद जयंती पर गोष्ठी भी इन्हीं गतिविधियों में शुमार है। जिसका लक्ष्य मुंशी प्रेमचंद के साहित्य व विचारों से लोगों को परिचित कराना है। कार्यक्रम में सीआरपी हरीश चंद्र शर्मा, नरेन्द्र कुमार, मुजफ्फर अली, हिमांशु कुमार, ताजुल हसन, मुकेश कुमार, कैलाश चंद्र, बीना देवी, सुनीता देवी, मीना जी, रेनू जी, नमन चौधरी, नयन चौधरी, हर्षित बिष्ट, खुशी, मान्विक, तनुजा आदि मौजूद रहे।


