HomeAccidentझपकी आने से अनियंत्रित हुई कार, निर्माणाधीन पुल के पास जा गिरी

झपकी आने से अनियंत्रित हुई कार, निर्माणाधीन पुल के पास जा गिरी

डायवर्जन पॉइंट पर हादसे में चालक घायल

वाहन में फंसे युवक को पुलिस ने निकाला

सीएनई रिपोर्टर, भवाली। भवाली-खैरना मार्ग पर सोमवार तड़के एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे निर्माणाधीन पुल के समीप जा गिरी। हादसे के बाद वाहन में फंसा युवक काफी देर तक अंदर ही फंसा रहा। वाहन का हॉर्न लगातार बजने पर स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया।

ADVERTISEMENTS

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 5:25 बजे चौकी पुलिस को सूचना मिली कि रॉक पॉइंट से भवाली रोड स्थित नए पुल के डायवर्जन क्षेत्र में सड़क किनारे एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ा है और उसका हॉर्न लगातार बज रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

पुलिस टीम डायवर्जन पॉइंट, फ्रॉक पॉइंट खैरना के समीप पहुंची तो सड़क से काफी नीचे निर्माणाधीन पुल के पास एक रेनॉल्ट क्विड कार संख्या UK04 9574 दुर्घटनाग्रस्त मिली। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और उसके भीतर एक युवक फंसा हुआ था। पुलिस ने तत्काल युवक को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

पूछताछ में घायल युवक ने अपना नाम हर्षित पांडे पुत्र कमल पांडे, निवासी सनी डिन आउट हाउस, तल्लीताल, नैनीताल बताया। युवक के शरीर पर चोटें आई थीं। उसने पुलिस को बताया कि वह वाहन में अकेला था और भिकियासैंण (अल्मोड़ा) से हल्द्वानी की ओर जा रहा था।

हर्षित के मुताबिक, सफर के दौरान उसे अचानक झपकी आ गई। इसी दौरान जब उसकी आंख खुली तो उसने वाहन को नियंत्रित करने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, लेकिन कार अनियंत्रित होकर डायवर्जन पॉइंट से टकरा गई और सड़क से नीचे निर्माणाधीन पुल के पास जा गिरी।

हादसे के बाद घायल युवक वाहन के अंदर ही फंस गया था। गनीमत रही कि वाहन का हॉर्न लगातार बजता रहा, जिससे घटना की सूचना पुलिस तक पहुंच सकी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को वाहन से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में भर्ती कराया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह चालक को आई झपकी और उसके बाद अचानक ब्रेक लगाने से वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments