ग्रामीणों ने कार घेरकर दो युवकों को दबोचा, जमकर हंगामा
सीएनई रिपोर्टर, रामगढ़ (नैनीताल)। जिले के रामगढ़ ब्लॉक के शांत माने जाने वाले सतोली गांव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार में पहुंचे कुछ धर्म विशेष के पांच युवकों पर गांव की युवतियों से सरेराह छेड़खानी और अभद्रता करने का आरोप लगा।
आरोप है कि विरोध करने पर भी युवक नहीं माने। इसके बाद पूरे गांव का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते ग्रामीणों ने कार को चारों ओर से घेर लिया।

भागने की कोशिश नाकाम, दो युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, कार सवार युवक वहां से भागने लगे। हालांकि ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया। मौके पर भारी हंगामा हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई की, चेहरे पर कालिख पोती और बाद में पुलिस को सौंप दिया।
महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाहरी लोगों द्वारा इस तरह की हरकतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
वेलनेस सेंटर में काम करने आए थे आरोपी!
ग्रामीणों के मुताबिक पकड़े गए दोनों युवक क्षेत्र के एक वेलनेस सेंटर में काम के सिलसिले में मुरादाबाद से आए थे।
कार के शीशे पर शेख मुजाहिद लिखा था। पुलिस को मौके पर उनका सत्यापन भी नहीं मिला। पुलिस ने आरोपियों के साथ उनकी कार भी कब्जे में ले ली है।
ग्राम प्रधान भी पहुंचीं मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान मीरा भंडारी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि गांव में महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस बोली— जांच जारी, तहरीर मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल परीक्षण, सत्यापन और लिखित तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


