╰┈➤ कुल 13 पदों में 06 पदों के लिए वोटिंग, 07 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
╰┈➤ शाम परिणाम घोषणा के बाद बाजे-गाजे व आतिशबाजी के साथ जश्न
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा (अपडेट न्यूज): सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा परिसर में छात्रसंघ चुनाव कड़े सुरक्षा बंदोबस्तों के बीच निपट गया। मतदान, मतगणना के बाद शाम परिणाम घोषित किए गए। घोषित परिणाम के मुताबिक एबीवीपी के रोहित सिंह कुमल्टा अध्यक्ष पर विजयी रहे। इनके अलावा मतदान प्रक्रिया से l सुमित जोशी उपाध्यक्ष, रश्मि पांडे छात्रा उपाध्यक्ष, सीता चम्याल संयुक्त सचिव, हिमाली जोशी सांस्कृतिक सचिव तथा दर्शन जोशी विश्वविद्यालय प्रतिनिधि चुने गए हैं। कुल 13 पदों में से छह के लिए मत डाले गए, जबकि अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। जीत की खुशी में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने कैंपस में ही आतिशबाजी, नारेबाजी, बाजे-गाजों के साथ जश्न मनाया।

मंगलवार को पुलिस के सख्त पहरे में सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो अपराह्न 2 बजे तक चला। छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर दो बजे तक चलेगा। अपराह्न वोटों की गिनती शुरू हुई, जो शाम तक चली। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए। छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के रोहित सिंह कुमल्टा व एनएसयूआई के अमित बिष्ट के बीच मुकाबला रहा। जिसमें रोहित कुमल्टा 294 मतों से विजयी हो गए। अमित बिष्ट को 854 और रोहित कुमल्टा को 1148 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों में से भाष्कर जोशी व सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी के बीच कांटे की टक्कर रही। जिसमें सिर्फ एक मत से भाष्कर जोशी विजयी घोषित हुए पहले घोषित परिणाम के अनुसार सुमित को 958 व भाष्कर को 959 मत मिले और देर रात रिकाउंटिंग के बाद सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी विजयी हुए। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर 400 वोटों के अंतर से रश्मि पांडे विजयी रहीं, उन्हें 1172 मत और उनकी प्रतिद्वंदी दीपिका बिष्ट को 772 मत मिले। संयुक्त सचिव पर नेहा आर्या को 836 व सीता चम्याल को 1054 मत मिले और 218 मतों के अंतर से सीता चम्याल को विजयी घोषित किया गया। सांस्कृतिक सचिव पद के लिए विकास सिंह व हिमाली जोशी के बीच टक्कर हुई, जिसमें 176 मतों के अंतर से हिमाली जोशी विजयी रही, उन्हें 1096 और विकास को 858 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पद पर 1096 मत लेकर दर्शन जोशी विजयी रहे। वह 250 मतों के अंतर से जीते। उनके प्रतिद्वंदी मुकेश लटवाल को 846 मत मिले।

उक्त छह पदों पर मतदान प्रक्रिया से चुनाव होने के अलावा अन्य 7 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। जिसमें सचिव भाष्कर गिरी गोस्वामी, कोषाध्यक्ष निकिता मेहरा, कला संकाय प्रतिनिधि विकास चन्याल, दृश्यकला संकाय प्रतिनिधि वीरेंद्र जोशी, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि भारतेंदु भाकुनी, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि हर्षिता बोहरा व विधि संकाय प्रतिनिधि अंकिता भट्ट शामिल हैं। कुल पदों की संख्या 13 हैं। जिनमें से 7 पदों पर छात्र, 6 पदों पर छात्राएं निर्वाचित हुई हैं। चुनाव को संपन्न कराने में परिसर निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव आर्या, कुलानुशासक डॉ. धनी आर्या समेत प्रो. सुशील कुमार जोशी, प्रो. हरीश चंद्र जोशी, प्रो. शेखर चन्द्र जोशी, डॉ. एचआर कौशल आदि संकायाध्यक्षों व विभागाध्यक्षों ने पूर्ण सहयोग दिया। सुरक्षा के लिए कैंपस के चहुंओर भारी मात्रा में पुलिस व पीएसी तैनात की गई थी। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण की रस्म अदा की गई।
पहले भाष्कर, बाद में सुमित उपाध्यक्ष घोषित
कैंपस में उपाध्यक्ष पद के चुनाव के परिणाम को लेकर असमंजस की स्थिति तब बन गई, जब चुनाव परिणाम घोषित होने की तैयारी के दौरान एक पक्ष ने गिनती को लेकर आपत्ति दर्ज हुई। मगर इसके बावजूद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया, जिसमें सिर्फ एक मत से भास्कर जोशी को विजयी घोषित कर दिया गया। मगर इसके बाद भी विरोध जारी रहा। जिससे कैंपस प्रशासन को उपाध्यक्ष पद के वोटों की गिनती देर रात दोबारा करनी पड़ी। रिकाउंटिंग में भाष्कर जोशी व सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी को बराबर मत पाए गए। इसके बाद दोनों की सहमति पर लाटरी पद्धति अपनाई गई, जिसमें सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी विजयी घोषित हुए हैं।


