गरुड़-कांडा-कपकोट में बड़ी जीत, दुगनाकुरी में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
CNE REPORTER, बागेश्वर। जिले के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के परिणाम घोषित होने के साथ ही छात्र राजनीति की तस्वीर साफ हो गई है। गरुड़, कांडा और कपकोट महाविद्यालयों में NSUI प्रत्याशियों ने अध्यक्ष सहित कई प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। वहीं शहीद महेंद्र सिंह भकुनी राजकीय महाविद्यालय दुगनाकुरी में नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।
गरुड़ में पांच प्रमुख पदों पर NSUI की जीत
गरुड़। राजकीय महाविद्यालय गरुड़ में छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित होते ही परिसर में चुनावी तस्वीर साफ हो गई। अध्यक्ष पद पर NSUI की प्रत्याशी अंजली कबडोला ने 44 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। अंजली कबडोला को 238 मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनीषा को 194 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष छात्रा पद पर पूजा ने 39 मतों से जीत हासिल की। उन्हें 222 मत मिले, जबकि जानकी को 183 मत प्राप्त हुए। सचिव पद पर जगदीश प्रसाद ने 95 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 260 मत मिले, जबकि प्रियंका को 165 मत प्राप्त हुए।
सह सचिव पद पर ललिता गोस्वामी ने 63 मतों से जीत हासिल की। ललिता को 231 मत मिले, जबकि अंकिता पांडे को 168 मत प्राप्त हुए। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर जया कोहली ने 35 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें 221 मत मिले, जबकि शिवानी भाकुनी को 186 मत प्राप्त हुए।
इस प्रकार गरुड़ महाविद्यालय में अध्यक्ष समेत उपाध्यक्ष छात्रा, सचिव, सह सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पांच प्रमुख पदों पर NSUI प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।
कांडा में अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख पद NSUI के खाते में
कांडा। राजकीय महाविद्यालय कांडा में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के परिणामों में अध्यक्ष पद सहित सभी प्रमुख पदों पर NSUI प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
अध्यक्ष पद पर लक्ष्मी, उपाध्यक्ष छात्र पद पर राजकुमार, उपाध्यक्ष छात्रा पद पर कुमकुम, सचिव पद पर दिया, संयुक्त सचिव पद पर चांदनी, कोषाध्यक्ष पद पर राधिका तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर विनिता निर्वाचित हुईं। अध्यक्ष पद पर ABVP की प्रत्याशी नेहा नगरकोटी चुनाव मैदान में थीं।
परिणाम घोषित होने के बाद महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। छात्र-छात्राओं ने उम्मीद जताई कि नई छात्रसंघ टीम महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र हितों और मूलभूत समस्याओं को मजबूती से उठाएगी।
चुनाव प्रक्रिया में प्राचार्य जय चंद्र गौतम, पर्यवेक्षक तहसीलदार जगदीश गिरी, थानाध्यक्ष बलवंत कम्बोज, निर्वाचन अधिकारी मनीषा कड़ाकोटी, डॉ. नागेंद्र पाल, एसआई लता खत्री एवं पंकज कुमार सहित महाविद्यालय और पुलिस प्रशासन की भूमिका रही।
कपकोट में NSUI के तेज सिंह रावत अध्यक्ष निर्वाचित
कपकोट। स्व. चंद्र सिंह शाही राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कपकोट में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। घोषित परिणामों में NSUI के तेज सिंह रावत ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी ऊषा को 36 मतों के अंतर से पराजित किया।
महाविद्यालय में कुल 358 मतदाताओं में से 310 ने मतदान किया। इस तरह मतदान प्रतिशत 86.59 रहा। अध्यक्ष पद पर तेज सिंह रावत को 172 मत मिले, जबकि ऊषा को 136 मत प्राप्त हुए।
छात्रा उपाध्यक्ष पद पर बीए पंचम सेमेस्टर की चांदनी ने 161 मत हासिल कर करिश्मा को 32 मतों से हराया। करिश्मा को 129 मत मिले। सचिव पद पर सुनीता निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
संयुक्त सचिव पद पर निशा गड़िया ने 170 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने पूजा को 55 मतों से हराया। पूजा को 115 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर मुकाबला बेहद करीबी रहा। बबली ने 112 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्हें हेमा के 110 मतों के मुकाबले महज दो मत अधिक मिले, जबकि भावना कोरंगा को 63 मत प्राप्त हुए।
सांस्कृतिक सचिव पद पर सविता ने 171 मत हासिल कर रेखा को 59 मतों से पराजित किया। रेखा को 112 मत मिले। कला संकाय प्रतिनिधि पद पर सिमरन आर्या ने 138 मत हासिल कर अंजलि तिरूवा को 24 मतों से हराया। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर अंजलि ऐठानी निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर नेहा गड़िया ने 153 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने सपना को 18 मतों से पराजित किया। सपना को 135 मत मिले।
परिणाम घोषित होने के बाद महाविद्यालय परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
दुगनाकुरी में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
बागेश्वर। शहीद महेंद्र सिंह भकुनी राजकीय महाविद्यालय दुगनाकुरी में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरि ओम प्रकाश सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अध्यक्ष पद पर अंजली आर्या, उपाध्यक्ष पद पर सुमन, उपाध्यक्ष छात्रा पद पर दिव्या, सचिव पद पर प्रियंका बिष्ट, कोषाध्यक्ष पद पर भावना तथा सांस्कृतिक सचिव पद पर रवीना राठौर निर्वाचित हुई हैं। महाविद्यालय में संयुक्त सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पद रिक्त हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं, प्राध्यापक वर्ग और कर्मचारियों को नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी दिव्या कटियार, नरेंद्र कुमार इंस्पेक्टर, डॉ. गोपाल राम, डॉ. प्रफुल्ल गुप्ता, डॉ. अजय आर्या, मुकेश कुमार समेत महाविद्यालय के अन्य लोग मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों ने छात्रहित में कार्य करने और महाविद्यालय की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का संकल्प लिया।


