➤ 55.60 लाख रूपये से बनेगी कठपुड़िया-कलोड़िया सड़क
➤ स्थल विकास, सौंदर्यीकरण व बारातघर के लिए कुल 6 लाख की घोषणा

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर अंतर्गत कठपुड़िया से कलोड़िया (कतूनियां) तक बनने वाले 1.850 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के नवनिर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। 55.60 लाख रूपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग का शिलान्यास करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सड़कें केवल संपर्क का माध्यम नहीं हैं, बल्कि सड़कें संबंधित क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि में अहम् भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि सोमेश्वर की सम्मानित जनता को बेहतर कनेक्टिविटी देना और उनके जीवन को सुगम बनाना उनका मुख्य संकल्प है। इस नए मोटर मार्ग के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा, आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र में आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि हम उत्तराखंड को हर क्षेत्र में एक आदर्श और सशक्त राज्य बनाने के लिए पूरी तरह काम कर रहे हैं। विकास कार्यों की इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री ने बंगसर स्थल विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 3.50 लाख और कलोड़िया में बारात घर के निर्माण के लिए 3 लाख विधायक निधि से देने की घोषणा की।


