➤ अल्मोड़ा में कांग्रेस का मंथन: संगठन सुदृढ़ कर जनता के मुद्दों पर संघर्ष का दृढ़ संकल्प

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा का आरोप है कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में विफल रही है। यह आरोप कमेटी एक महत्वपूर्ण बैठक में लगाया गया। इस बैठक में संगठनात्मक व विभिन्न मुद्दों पर गहन मंथन करते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को बेहद सुदृढ़ बनाने और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
परीक्षाओं को पारदर्शी बनाना सरकार की जिम्मेदारी
जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा की जिला कार्यकारिणी की बैठक आज सोमवार को जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें संगठन की मजबूती, भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा समेत देश में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन मंथन हुआ। जिलाध्यक्ष भोज ने कहा कि NEET परीक्षा के पेपर बार-बार लीक होने और अनियमितताओं से देश के करोड़ों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और विद्यार्थियों के साथ ही उनके अभिभावकों का विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी सूरत में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं कर सकती। भोज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में विफल रही है और इससे विद्यार्थियों में निराशा और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रही है और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि नीट समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाना सरकार की जिम्मेदारी है।
भावी रूपरेखा हुई तय
बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। प्रत्येक ब्लॉक, न्याय पंचायत एवं बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में आगामी राजनीतिक एवं जनहित कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों एवं जनहितकारी विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं।
बैठक में जुटे अधिसंख्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता
बैठक में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय, पीसीसी सदस्य गोपाल सिंह चौहान, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रताप राम, चन्दन सिंह बिष्ट, विनोद वैष्णव, तारा चंद्र साह, आनंद सिंह बिष्ट, कुन्दन सिंह भण्डारी, जिला सचिव रमेश सिंह भैसोड़ा, जिला संगठन सचिव बलवन्त टम्टा, भगवत सिंह, किशन सिंह रावत, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राधा देवी, जिला सचिव दीवान राम, नरेन्द्र बनोला, पूरन चन्द्र पाण्डे, जिला महासचिव नवीन चन्द्र कोहली, दीवान सिंह सतवाल व गीता मेहरा, प्रदेश महासचिव किरन आर्या, महानगर अध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी, उपाध्यक्ष पूरन सिंह बिष्ट, ब्लाक अध्यक्ष नाथ सिंह धानक, आनन्द बिष्ट, राज भट्ट, पूरन सिंह सुप्याल, मनोज रावत, शिवराज नयाल समेत लक्ष्मण सिंह नेगी, पुष्कर सिंह नेगी, किशन सिंह बिष्ट, पान सिंह बिष्ट, प्रदीप सिंह बिष्ट, अमित बिष्ट, संजय दुर्गापाल, सतीश पन्त, कैलाश कुमार, पुष्कर नयाल, नरेन्द्र कुमार, विपुल कार्की, हेम चंद्र तिवारी, वैभव पाण्डे, भुवन दोसाद (युकां अध्यक्ष), लक्ष्मण सिंह, रणजीत सिंह नयाल, कमल बिष्ट, भगवत मनराल, गीता पाण्डे, देवेन्द्र सिंह बिष्ट, सुनील जोशी, हिमांशु मेहता, गुंजन सिंह चन्याल, रमेश सिंह बिष्ट, बीके पांडे, रमेश सिंह बिष्ट, किशोर नयाल, नारायण दत्त पाण्डे, राजेन्द्र सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।


