हाथों में पहुंची मौजूदा सामाजिक हालातों को बयां करती ‘मन भंवर’

👉 अल्मोड़ा की ‘नीलम नेगी’ की काव्य संग्रह का विमोचन👉 साहित्य साधना में कमाया नाम और पाया सम्मान सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ाः मौजूदा सामाजिक हालातों को…

अल्मोड़ा की ‘नीलम नेगी’ की काव्य संग्रह का विमोचन

👉 अल्मोड़ा की ‘नीलम नेगी’ की काव्य संग्रह का विमोचन
👉 साहित्य साधना में कमाया नाम और पाया सम्मान

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ाः मौजूदा सामाजिक हालातों को उकेरती काव्य संग्रह ‘मन भंवर’ लोगों के हाथों में पहुंच गई है। समाज की परिस्थितियों को कविता रुप में पिरोने का यह कार्य काव्य साधना में रत अल्मोड़ा के चौधरीखोला मोहल्ले की निवासी एवं राजकीय बालिका इंटर कालेज रानीखेत अल्मोड़ा से प्रधानाचार्या के पद से सेवानिवृत्त नीलम नेगी ने किया है। उनकी इन रचनाओं को साहित्यकारों ने समाज का आइना बताया है। इस काव्य संग्रह का रविवार को नगर के होटल हिमसागर में विमोचन किया गया। उल्लेखनीय है कि पुरस्कार प्राप्त नीलम नेगी की यह पांचवीं पुस्तक है। (आगे पढ़िये…)

कवियित्रि नीलम नेगी की काव्य संग्रह ‘मन भंवर’ का विमोचन कार्यक्रम गत रविवार को आयोजित हुआ। जिसमें कई अतिथियों ने इस पुस्तक का विमोचन किया। छंजर सभा अल्मोड़ा के सौजन्य से आयोजित विमोचन कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। इसके उपरांत प्रसिद्ध गायिका लता पांडे ने मधुर कंठ से मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि साहित्यकार एवं संस्कृताचार्य विशन दत्त जोशी ‘शैलज’ ने कहा कि नीलम नेगी की रचनाएं समाज की हकीकत को बयां करने के साथ ही मौजूदा कठिन परिस्थितियों यानी ‘भंवर’ से बाहर निकलने की राह की बताती हैं। उन्होंने कहा कि इन रचनाओं में मन की अंतर्ध्वनि को शब्दों में पिरोया गया है। (आगे पढ़िये…)

विशिष्ट अतिथि पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष डा. दिवा भट्ट ने कहा कि कविता मन की पीड़ा को व्यक्त करने का माध्यम होती हैं और नीलम नेगी ने इस पीड़ा को रचनाओं के जरिये बखूबी व्यक्त किया है। कवियित्री नीलम नेगी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि इस काव्य संग्रह में सामाजिक परिस्थितियों को उकेरते हुए उद्देश्यपरक संदेश समाज को देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रंगकर्मी एवं साहित्यकार त्रिभुवन गिरी महाराज ने ‘मन भंवर’ की रचनाओं को सामाजिक हालातों का आइना बताया। अन्य वक्ताओं ने भी काव्य संग्रह को प्रशंसनीय बताते हुए कहा इस संग्रह की कविताएं जीवन से जुड़ी हैं और सामाजिक हकीकत को सामने ला रही हैं। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि बी. नेगी कृष्णा, समीक्षक धारा बल्लभ पांडे, साहित्यकार महेंद्र सिंह महरा ‘मधु’, पत्रकार एवं रंगकर्मी नवीन बिष्ट, डा. रमेश लोहुमी, नीरज पंत, लोकगायक दीवान कनवाल, कंचन तिवारी, बीना चतुर्वेदी, विपिन जोशी ’कोमल’, प्रफुल्ल पंत, मीनू जोशी, पूनम पंत, कान्हा जोशी, नीरज पांगती आदि कई साहित्य प्रेमी शामिल रहे। (आगे पढ़िये…)
साहित्य सृजन में नीलम ने बनाई पहचान

काव्य साधना में रत अल्मोड़ा के चौधरीखोला मोहल्ले की निवासी एवं राजकीय बालिका इंटर कालेज रानीखेत अल्मोड़ा से प्रधानाचार्या के पद से सेवानिवृत्त नीलम नेगी ने अपनी लेखनी से साहित्य को सींचते हुए एक बहुआयामी प्रतिभा सम्पन्न साहित्यकार/कवियित्री के रुप में पहचान बनाई है। सुप्रसिद्ध कवि सुमित्रानंदन पंत एवं महादेवी वर्मा की प्रेरणा एवं पारिवारिक प्रोत्साहन से उन्होंने साहित्य रचना में कदम रखा और एक मुकाम हासिल किया है। कई प्रदेश, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान उनकी इस क्षेत्र में अच्छी सफलता को बयां करते हैं। विश्व कीर्तिमान स्थापित पुस्तक ‘वंदे मातरम्’ में भी उनकी दो रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी पांचवीं पुस्तक ‘मन भंवर’ काव्य संग्रह के रूप में सामने आई है। इससे पहले उनके काव्य संग्रह अभिव्यक्ति, संवेदना व अंतर्ध्वनि तथा आलेख संग्रह अनुभूति प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके अलावा विविध पत्र-पत्रिकाओं में उनकी कई कविताएं, आलेख व शैक्षिक आलेख प्रकाशित होते आए हैं। नई पुस्तक ‘मन भंवर’ में उन्होंने सामाजिक हालातों, अशांति, आपदा व अस्थिरता इत्यादि को बखूबी अपनी कविताओं में पिरोकर उजागर करने का प्रयास किया है। (आगे पढ़िये…)
इन सम्मानों से हुईं सम्मानित

👉 शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार-2017।
👉 द्वितीय विश्व कीर्तिमान स्थापित करने वाली संस्था बुलंदी साहित्यिक सेवा समिति पंजीकृत अंतर्राष्ट्रीय द्वारा हिंदी
दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी गौरव सम्मान।
👉 संगम अकादमी पब्लिकेशन कोटा राजस्थान का संगम साहित्य सम्मान-2023।
👉 इसके अलावा अनेक विभागीय एवं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *