नाबालिग लड़की के साथ हुई थी गंदी हरकत
दो रोज बाद भी आरोपियों की नहीं हुई गिरफ्तारी
सीएनई रिपोर्टर, कपकोट। कपकोट थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ छेड़खानी करने वाले की गिरफ्तारी नहीं होने पर क्षेत्र की महिलाओं में रोष व्याप्त है। नाराज महिलाओं ने शनिवार को थाने का घेराव किया। पुलिस पर आरोपी को बचाने का भी आरोप लगाया। कहा कि घटना के दो दिन बाद भी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा है। यदि जल्द आरोपी को जेल नहीं भेजा हो एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।


मालूम हो कि पीड़ित के पिता ने कपकोट थाने में शुक्रवार को प्राथमिकी दी। बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री गुरुवार की रात लगभग 10 बजे भोजन करने के बाद बाहर निकली। वह बाथरूम में गई। वहां पहले से 55 वर्षीय भूपाल सिंह पुत्र नारायण सिंह तथा एक अज्ञात थे।

लड़की को जबरन खींच ले गए थे आरोपी
उन्होंने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। जोर जर्बदस्ती से उसे गांव के पास के एक धारे तक ले गए। वहां छेड़छाड़, अनुचित स्पर्श तथा अन्य यौन उत्पीड़न करने लगे। घटना के बारे में किसी को बताने पर वह उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
उनकी पुत्री वहां से रोते-बिलखते घर आई। उसने अपनी मां को आपबीती बताई। कहा कि वह पहले भी कई बार उनकी बेटी के साथ अभ्रदता कर चुका है। इस मामले में पुलिस ने धारा 74, 75, 137 (2), 351 (2), 89, 7/8, 11/12 में मुकदमा दर्ज किया, लेकिन गिरफ्तारी नहीं की।
शनिवार को क्षेत्र की महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहु्ंच गया। गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटो थाने का घेराव किया। बाद में किसी तरह पुलिस ने उन्हें शांत किया। एसडीएम को भी महिलाओं ने ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर बिमला कपकोटी, प्रधान सीता कपकोटी, सविता, दुर्गा, हर्षा, दीपा, लीला, भागुली, गीता, रेखा, कविता, लीला, ममता आदि मौजूद रहे।
दोषी को छोड़ा नहीं जायेगा : थानाध्यक्ष
इधर थानाध्यक्ष खुशवंत सिंह ने कहा कि पीड़िता के बयान लिए जा रहे हैं। मामले (छेड़खानी प्रकरण) की जांच चल रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई होगी। पुलिस दोषी को कतई नहीं छोड़ेगी।