शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त थे मृतक
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ताकुला बागेश्वर मोटर मार्ग में विकास भवन तिराहे पर एक कार तथा बाइक की सीधी टक्कर हो गई। जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। एक घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह ने बताया कि शनिवार की शाम विकास भवन रोड तिराहे पर बाइक तथा कार की आपस में भिड़त हो गई। जिसमें बाइक चालक कपकोट के सुराग निवासी चालक 70 वर्षीय जय सिंह पुत्र दलीप सिंह तथा पीछे सवार 42 वर्षीय आन सिंह पुत्र बलवंत सिंह घायल हो गए।
कार चालक विक्रम प्रसाद घायलों को जिला अस्पताल ले गए। जहां से जय सिंह को हायर सेंटर रेफर किया गया। जिला अस्पताल से महज चार किमी की दूरी बिलौना में उन्होंने दम तोड़ दिया। उन्हें वहां से वापस लाया गया। चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखा गया है, जबकि दूसरे घायल का उपचार चल रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार मृतक के सिर तथा मुंह में गंभीर चोट थी। नाक से रक्तस्राव हो रहा था। जबकि घायल के चेहरे पर चोट है। उसका उपचार चल रहा है। वह खतरे से बाहर है।
इमरजेंसी में नियुक्त डा. लता ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। इधर, पुलिस ने कार चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घायल के अनुसार वह नामांकन रैली में शामिल होकर यहां आए थे। इधर, स्वजन के अनुसार मृतक शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है।