अशोका हॉल गर्ल्स रेजिडेंशियल स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘क्षितिज-2026’ धूमधाम से संपन्न

0
अशोका हॉल गर्ल्स रेजिडेंशियल स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘क्षितिज-2026’ धूमधाम से संपन्न
अशोका हॉल गर्ल्स रेजिडेंशियल स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘क्षितिज-2026’ धूमधाम से संपन्न

छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

संक्षिप्त रामायण के भावपूर्ण मंचन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

सीएनई रिपोर्टर, रानीखेत। मजखाली के निकट स्थित अशोका हॉल गर्ल्स रेजिडेंशियल स्कूल में मंगलवार को वार्षिकोत्सव ‘क्षितिज-2026’ हर्षोल्लास, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के बीच भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर छात्राओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों से सराबोर नजर आया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित रामायण की संक्षिप्त नाटकीय प्रस्तुति समारोह का विशेष आकर्षण रही, जिसने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया।


ADVERTISEMENTS

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मुख्य अधिकारियों एवं वाइस प्रिंसिपल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत वाइस प्रिंसिपल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। वहीं छात्राओं के अभिभावकों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। इससे समारोह का वातावरण पारंपरिक भारतीय संस्कृति और आत्मीय आतिथ्य की भावना से ओतप्रोत हो उठा।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल कैप्टन डी. उमा मनीवेनन ने समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे कर्नल सुनील कुमार का पुष्प-पौधा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन हेड गर्ल्स द्वारा किया गया। उन्होंने अतिथियों का परिचय देने के साथ ही पूरे समारोह का कुशलतापूर्वक संचालन करते हुए विभिन्न प्रस्तुतियों को क्रमबद्ध रूप से मंच पर प्रस्तुत कराया।

खुले मैदान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत स्वागत गीत और इन्वोकेशन डांस से हुई। इसके बाद छात्राओं ने कल्चरल फेस्ट के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। राजस्थानी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने जहां दर्शकों को राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति से रूबरू कराया, वहीं अन्य नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और भावपूर्ण हिस्सा त्रेतायुग के आदर्श पुरुष भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित रामायण का संक्षिप्त नाटकीय मंचन रहा। छात्राओं ने रामायण के प्रमुख प्रसंगों को सुंदर अभिनय, प्रभावशाली संवादों और आकर्षक मंचन के माध्यम से जीवंत कर दिया। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों, त्याग, समर्पण और धर्म की विजय का संदेश देती इस प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। मंच पर छात्राओं के अभिनय और सामूहिक तालमेल की खूब सराहना हुई।

समारोह के दौरान विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल ने अपने संबोधन में बीते शैक्षणिक सत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने उन छात्राओं की उपलब्धियों का विशेष उल्लेख किया, जिन्होंने कला, खेलकूद, नाट्य गतिविधियों तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उन्होंने छात्राओं की मेहनत, अनुशासन, लगन और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास करना भी है।

उन्होंने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन भव्य ग्रैंड फिनाले और राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

‘क्षितिज-2026’ नाम से आयोजित इस वार्षिकोत्सव में खेल जिला एसोसिएशन से जुड़े सुमीत गोयल, हिमांशु उपाध्याय एवं ललित बिष्ट सहित बड़ी संख्या में छात्राओं के अभिभावक, गणमान्य अतिथि और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। पूरे आयोजन में छात्राओं का उत्साह, आत्मविश्वास और अनुशासन देखते ही बन रहा था।

ADVERTISEMENTS