अध्यक्ष पद पर छाया पन्त व नीमा सहित विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों ने खरीदे नामांकन प्रपत्र
सीएनई रिपोर्टर, बेतालघाट। शहीद श्री खेमचन्द्र डौर्बी राजकीय महाविद्यालय बेतालघाट में छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को छात्र संघ चुनाव के लिए नामांकन प्रपत्रों की बिक्री की प्रक्रिया निर्धारित समयानुसार संपन्न हुई। प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक महाविद्यालय परिसर स्थित नामांकन कक्ष में संभावित प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन प्रपत्र क्रय किए।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार मौर्य ने संभावित प्रत्याशियों को चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की।
महाविद्यालय के छात्र संघ प्रभारी डॉ. तरुण कुमार आर्य ने बताया कि नामांकन प्रपत्र बिक्री के दौरान अध्यक्ष पद के लिए छाया पन्त एवं नीमा ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। वहीं उपाध्यक्ष (छात्रा) पद के लिए संगीता आर्या एवं पायल ने प्रपत्र क्रय किए।
इसी क्रम में सचिव पद के लिए रितिका गोस्वामी, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए दीपिका एवं विशाखा बुधौड़ी ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए बबीता करगेती एवं सचिन जोशी ने नामांकन प्रपत्र क्रय किए।
इन पदों के लिए नहीं आया कोई नामांकन प्रपत्र
छात्र संघ निर्वाचन की नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुछ पद ऐसे भी रहे, जिनके लिए किसी भी संभावित प्रत्याशी ने नामांकन प्रपत्र नहीं खरीदा। उपाध्यक्ष (छात्र), संयुक्त सचिव, संकाय प्रतिनिधि तथा सांस्कृतिक सचिव पद के लिए गुरुवार को किसी भी प्रत्याशी द्वारा नामांकन प्रपत्र क्रय नहीं किया गया।
नामांकन प्रपत्रों की बिक्री की जिम्मेदारी गठित नामांकन समिति द्वारा निभाई गई। समिति में डॉ. जयति दीक्षित, डॉ. ईप्सिता सिंह एवं श्रीमती ममता पाण्डे शामिल रहीं। पूरी प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय के समस्त कार्मिकों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा।
25 सितंबर को जमा होंगे नामांकन प्रपत्र
छात्र संघ निर्वाचन की अगली महत्वपूर्ण प्रक्रिया शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को होगी। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार संभावित प्रत्याशियों द्वारा खरीदे गए नामांकन प्रपत्र प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन कक्ष में गठित समिति के समक्ष जमा किए जाएंगे।
नामांकन प्रपत्रों की बिक्री के बाद अब सभी की निगाहें शुक्रवार को होने वाली नामांकन प्रक्रिया पर टिकी हैं। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









