HomeUttarakhandNainitalघर के पास से बकरी उठा ले गया गुलदार, ग्रामीणों में दहशत

घर के पास से बकरी उठा ले गया गुलदार, ग्रामीणों में दहशत

ग्रामीणों के शोर मचाने पर भागा, वन विभाग ने किया पंचनामा

सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्राम सिरसा में बुधवार शाम एक गुलदार घर के बेहद करीब से त्रिलोक सिंह जीना की बकरी को उठा ले गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर गुलदार को खदेड़ने का प्रयास किया, जिसके चलते गुलदार मृत बकरी को छोड़कर मौके से भाग निकला। इस घटना से गांव में भय और दहशत का माहौल है।

ADVERTISEMENTS

जानकारी के अनुसार, त्रिलोक सिंह जीना की बकरी उनके घर के पास ही थी। इसी दौरान अचानक गुलदार वहां पहुंचा और बकरी को अपने कब्जे में लेकर ले जाने लगा। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के शोर से घबराकर गुलदार बकरी को वहीं छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हालांकि हमले में बकरी घायल हो गई।

घटना की सूचना वन विभाग को दिए जाने के बाद गुरुवार सुबह विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम में फॉरेस्ट गार्ड अनिल बोरा, फॉरेस्टर प्रदीप मौर्या एवं धर्मपाल शामिल रहे। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही घायल बकरी का पंचनामा तैयार किया और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू की।

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को गुलदार की मौजूदगी को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। विभागीय कर्मचारियों ने कहा कि ग्रामीण अपने मवेशियों को खुले में अथवा घरों से दूर अकेला न छोड़ें और शाम ढलने के बाद विशेष सावधानी बरतें। साथ ही रात के समय अकेले घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।

लंबे समय से गुलदार की दहशत

ग्रामीणों के मुताबिक, सिरसा गांव में लंबे समय से गुलदार की आवाजाही बनी हुई है, जिसके कारण लोग भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। गुलदार के बार-बार आबादी के आसपास दिखाई देने से ग्रामीणों में अपने परिवार और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

वहीं, समीपवर्ती चौनीखेत क्षेत्र में भी गुलदार की धमक से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। आबादी के आसपास गुलदार की सक्रियता को देखते हुए लोग शाम होते ही अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गुलदार की लगातार निगरानी किए जाने तथा उसकी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और गुलदार की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की सलाह दी है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments