सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल। जनपद में अपराधियों और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मुक्तेश्वर थाना पुलिस ने विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों को धर-दबोचा है। पकड़े गए दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले हैं।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अमल में लाई गई है। एसएसपी के सख्त रुख के बाद फरार/वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु पूरे जिले में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के क्रम में मुक्तेश्वर पुलिस ने माननीय न्यायालय द्वारा जारी गिरफ्तारी अधिपत्रों (वारंट) का कड़ाई से अनुपालन करते हुए इन दोनों अभियुक्तों को सलाखों के पीछे पहुँचाया।
पुलिस की गिरफ्त में आए पहले वारंटी की पहचान दुष्यंत कुमार गंगवार पुत्र हर प्रसाद के रूप में हुई है। वह मुख्य रूप से सहदुपुर, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। अभियुक्त के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज था, जिसमें वह लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था।
पुलिस टीम द्वारा दबोचे गए दूसरे वारंटी का नाम महेंद्र सिंह गंगवार पुत्र सुंदरलाल गंगवार है। वह भट्टा मोहल्ला, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। इसके खिलाफ भी धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर मुकदमा दर्ज है। न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद से ही मुक्तेश्वर पुलिस लगातार इसकी तलाश में जुटी हुई थी।
वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेशी
मुक्तेश्वर थाना पुलिस ने दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए दोनों ही अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का साफ कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


