किच्छा : विधायक राजेश शुक्ला ने सदन में उठाया पंतनगर विश्वविद्यालय के बजट का मुद्दा

0

गैरसैंण/किच्छा। विधायक राजेश शुक्ला ने आज विधानसभा के प्रथम सत्र 2021 के प्रथम शुक्रवार हेतु निर्धारित तारांकित प्रश्न में पंतनगर विश्वविद्यालय के बजट का मामला जोर-शोर से उठाया। विधायक राजेश शुक्ला ने सदन के पटल पर अपना प्रश्न रखते हुए कहा कि कृषि शिक्षा मंत्री अवगत हैं कि देश में हरित क्रांति का आगाज करने वाला देश का पहला शीर्ष पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय प्रदेश सरकार की लगातार उपेक्षा के कारण व पर्याप्त बजट न देने के कारण निरंतर अधोगति की ओर है? क्या मंत्री अभी अवगत कराएंगे की प्रदेश सरकार द्वारा पर्याप्त बजट ना दिए जाने से कॉलेजों के भवनों, छात्रावास परिसर की सड़कों एवं शिक्षकों कर्मचारियों के आवासों की अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कराने में भी विश्वविद्यालय सक्षम नहीं रह गया?


ADVERTISEMENTS

सदन के पटल पर कृषि शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने विधायक राजेश शुक्ला के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय हेतु प्रत्येक वित्तीय वर्ष में आय-व्ययक में अनुदान संख्या-17 के अंतर्गत धनराशि का प्रावधान किया जाता है, पंतनगर विश्वविद्यालय के आय व्ययक/बजट की धनराशि 219.10 करोड़ के सापेक्ष 2020-21 में 230 करोड रुपए का प्रावधान कर विश्वविद्यालय के आय व्यय बजट में उत्तरोत्तर वृद्धि सरकार द्वारा की गई है। कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय को प्रदेश सरकार भरपूर सहयोग कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

ADVERTISEMENTS