— सोमवार को जनता दरबार में 17 शिकायतें हुई दर्ज

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर
दूसरी बार जनता दरबार से गायब श्रम अधिकारी को डीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जनता दरबार में बिजली, सड़क, संचार, पानी, मुआवजा आदि समस्याएं उठी। सोमवार को 17 शिकायतें दर्ज हुई हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने सोमवार को आयोजित जनता दरबार में 17 शिकायतें सुनी। कफौली निवासी गोकुलानंद पांडे ने सरना वन प्रभाग में क्षतिग्रसत चेकडेम, खड़जा निर्माण की मांग की। गडेरा के सुरेश सिंह गढिया ने पुल, पैदल रास्ता, पेयजल लाइन की समस्याएं रखी। दानपुर सेवा समिति ने सड़क, संचार आदि समस्याओं का निदानकरने की मांग की। चंचल सिह मेहता ने आशंका जताई कि बैडा-मझेडा-जारती मोटर मार्ग में पानी की निकासी नहीं होने से भारी वर्षा के दौरान आवासीय भवन ध्वस्त हो सकते हैं।
नवीन चंद्र लोहनी ने मजबे, डुंगरगांव में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने, शंकर राम झिरौली ने मनरेगा से गांव में सीसी मार्ग निर्माण कराने की मांग की। डीएम ने समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। दूसरी बार जनता दरबार में उपस्थित नहीं होने पर श्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, मुख्य शिक्षा अधिकारी जीएस सौन, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, अधिशासी अभियंता लोनिवि राजकुमार, परिवहन अधिकारी कृष्ण चंद्र पलडिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, अपर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. कमल पंत, एएमए जिला पंचायत राजेश कुमार आदि उपस्थित थे।









