Almora News : जौहरी बाजार में पानी की अनियमित व कम आपू​र्ति से जनता बेहाल, घरेलू टैंक खाली, सुनने को तैयार नही अधिकारी

0
भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे ओखलकांडा मल्ला के ग्रामीण
भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे ओखलकांडा मल्ला के ग्रामीण

आरोप : स्थलीय निरीक्षण को नही आते अधिकारी, लाइन मैन उठाते नही फोन, लापरवाह बना महकमा
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा

यहां नगर के जौहरी बाजार में पेयजल की अनियमित व बहुत कम आपूर्ति से आम जनता हलकान है। आलम यह है कि घरों में जरूरत के मुताबिक भी पानी नही आ रहा है, जिससे घरेलू टैंक भर ही नही पा रहे हैं। आरोप है कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी समस्या के निराकरण की बात तो दूर सीधे मुंह बात तक करने को तैयार नही हैं।
उल्लेखनीय है कि नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में इन दिनों गर्मियों का पीक सीजन शुरू होने से पहले ही पेयजल संकट गहराने लगा है। जिनमें से जौहरी मोहल्ला भी एक है। मोहल्ले के लोगों ने सीएनई को बताया कि यहां लंबे समय से पेयजल की अनियमित आपूर्ति चल रही है और लाइन मैन फोन तक नही उठाते हैं। स्थानीय जागरूक नागरिक गोविंद लाल वर्मा ने बताया कि विभागीय लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा हैं। कहीं तो दो से ढ़ाई घंटे तक लाइन में पानी आता है तो कहीं एक घंटा भी नही चलता है। जिस कारण घरेलू आवश्यकता के अनुरूप भी लोग पानी नही भर पा रहे हैं। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि तमाम घरों में महज 300 लीटर पानी के टैंक तक नही भर पा रहे हैं और पानी की सप्लाई बंद हो जा रही है। जिससे रोजाना की पेयजल से संबंधित जरूरतें भी पूरी नही हो पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब जल संस्थान के अधिशासी अभियंता केएस खाती से वार्ता की गई तो भी समस्या को उन्होंने गम्भीरता से नही लिया। जबकि यह विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वह पेयजल संकट से जुड़ी जन शिकायतों पर ध्यान देते हुए संबंधित लाइन मैन/पानी के चौकीदारों को निर्देशित करें। ना​गरिकों का यह भी कहना है कि​ जिन दिनों पानी नही आता उन दिनों के पेयजल बिलों में भी कतई कटौती नही की जाती। यानी बिना पेयजल सप्लाई के भी पानी का पूरा बिल उपभोक्ताओं से वसूल लिया जाता है। आरोप है कि आज की तारीख तक एक भी विभागीय अभियंता समस्या के कारणों की जांच के लिए कभी स्थलीय निरीक्षण पर नही पहुंचा है। अलबत्ता पेयजल की अनियमित आपूर्ति के चलते जनता में खासा रोष बना हुआ है।


ADVERTISEMENTS
ADVERTISEMENTS