फिटनेस पर दिया जोर
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। नैनीताल पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसएसपी (SSP) नैनीताल, डॉ. मंजूनाथ टीसी की उपस्थिति में पुलिस लाइन नैनीताल में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। शुक्रवार को हुई इस परेड में जवानों में जबरदस्त अनुशासन, फुर्ती और जोश देखने को मिला।

SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने परेड की सलामी लेने के बाद, जवानों की ड्रिल, टर्नआउट (वेशभूषा), फिटनेस और वेपन हैंडलिंग (शस्त्र संचालन) का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर ड्यूटी करने के लिए प्रोत्साहित किया और आवश्यक टिप्स दिए। एकरूपता और अनुशासन बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल भी कराई गई।

परेड के दौरान, जवानों ने दौड़ चाल, तेज चाल से मंच से गुजरना, शस्त्राभ्यास और स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास किया। उन्हें हर आपातकालीन परिस्थिति के लिए तैयार रहने हेतु वेपन हैंडलिंग भी कराई गई।
भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था का जायजा
परेड के बाद, एसएसपी ने पुलिस लाइन के भोजनालय (मैस), एमटी शाखा और अन्य मदों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं जवानों के मैस में भोजन का स्वाद लिया और उसकी गुणवत्ता को परखा। उन्होंने गुणवत्ता को और अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए।
एमटी शाखा और सभी थानों/चौकियों/शाखाओं/ट्रैफिक तथा सीपीयू को आवंटित गाड़ियों का निरीक्षण कर, कमियों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। मदों में अभिलेखों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शस्त्र प्रशिक्षण पर विशेष जोर
निरीक्षण के उपरांत, एसएसपी ने वेपन हैंडलिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शस्त्र जवानों का महत्वपूर्ण अंग है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जवानों को शस्त्रों की पूरी जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने शस्त्र प्रशिक्षण क्लास चलाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सभी थाना प्रभारियों को प्रत्येक मंगलवार को प्रातः परेड टाइम पर अपने-अपने थानों/चौकियों के जवानों को शस्त्र प्रशिक्षण कराने के महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। संबंधित क्षेत्राधिकारी और पुलिस अधीक्षक को इन प्रशिक्षणों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

