╰┈➤ एसटीएस आनंद मेहता ने दी लक्षण, जांच व उपचार की जानकारी
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: ‘टीबी से डरें नहीं, लड़ें’, ‘जागरूकता को बढ़ाना है, टीबी को दूर भगाना है’ तथा ‘जन-जन का एक ही नारा, टीबी मुक्त हो देश हमारा’ जैसे प्रेरक नारों के साथ जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आज गुरूवार को हवालबाग ब्लाक की ग्रामसभा तलाड़ में स्वास्थ्य महकमे की ओर से जागरूकता शिविर लगा। जहां टीबी रोग के प्रति लोगों में अलख जगाई गई और एसटीएस आनंद सिंह मेहता ने लोगों को टीबी रोग के लक्षण, जांच व उपचार की जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत के निर्देशन पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामसभा तलाड़ में लगे कैंप में ग्रामीणों को टीबी रोग से सम्बन्धित जानकारियां दी गई और जागरूकता संबंधी पर्चे बांटे गए। वहां, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (एसटीएस) आनन्द सिंह मेहता ने टीबी रोग के लक्षण बताए और कहा कि यदि लगातार 2 हफ्ते से अधिक समय तक खासी हो रही है, तो संबंधित व्यक्ति को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जाकर निःशुल्क बलगम जांच और एक्स रे करवानी चाहिए। अगर टीबी के लक्षण मिलते हैं, तो चिकित्सक के परामर्श पर बिना संकोच के बीमारी का पूरा इलाज करवाना चाहिए। उन्होंने निक्षय पौष्टिक आहार योजना की जानकारी भी दी और बताया कि इस योजना के तहत सरकार उपचाराधीन टीबी मरीज को प्रतिमाह 1000 रुपया पौष्टिक आहार के लिए देती है। यह धनराशि सीधे मरीज के बैंक अकाउंट में डाली जाती है। कार्यक्रम में डॉ. विशाल, दीपक कांडपाल व मनोज रावत (डीपीएस), नवल कुमार (ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर), हितेश दुर्गापाल (डाटा एंट्री ऑपरेटर), सपना, पूजा भाकुनी (सीएचओ), दीपा गोस्वामी (एएनएम) आदि मौजूद रहे।


