HomeUttarakhandAlmoraअल्मोड़ा: हर विद्यालय में होगा आधुनिक सुविधाओं का विस्तार- डा. धन सिंह...

अल्मोड़ा: हर विद्यालय में होगा आधुनिक सुविधाओं का विस्तार- डा. धन सिंह रावत

╰┈➤ शिक्षा मंत्री का दौरा, बोले- समस्याओं को लेकर चक्कर न काटने पड़ें
╰┈➤ प्रभारी मंत्री सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में पहुंचे, समस्याएं सुनीं

ADVERTISEMENTS

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जनपद भ्रमण के तहत प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत गुरूवार को अल्मोड़ा पहुंचे, यहां उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में आधुनि​क सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा और हर विद्यालय में एक-एक छात्रावास युक्त आवासीय विद्यालय स्थापित किया जाएगा। शिविर में जन समस्याएं सुनते हुए उन्होंने अफसरों को आगाह किया कि समस्याओं को लेकर लोगों को चक्कर न काटने पड़ें, इस बात का ध्यान रखा जाए।
30 लाख विद्यार्थी अभियान से जुड़े

जनपद के दौरे के तहत कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सुबह सर्वप्रथम पीएम श्री अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा पहुंचे, जहां सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया और पौध रोपा। विद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत एवं विकसित भारत-2047’ की थीम पर चित्रकला, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं थीं। विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से स्वच्छता एवं सामाजिक सेवा के संदेश प्रस्तुत किए। मंत्री ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सामाजिक सेवा, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर के 24,000 विद्यालयों के लगभग 30 लाख छात्र-छात्राएं अभियान में प्रतिभाग कर रहे हैं। विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रत्येक विद्यालय में स्मार्ट क्लास, वर्चुअल क्लास, पुस्तकालय सहित आवश्यक आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विकासखंड में एक-एक छात्रावासयुक्त आवासीय विद्यालय स्थापित करने की योजना है। यह भी कहा कि पीएम श्री अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा तथा विद्यालय परिसर की पूरी चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा।
समस्याओं का त्वरित निदान हो

इसके बाद मंत्री निकटवर्ती ग्राम तलाड़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में पहुंचे, जहां उन्होंने जनसमस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने खत्याड़ी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में भी प्रतिभाग कर लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, गर्भवती महिलाओं को पोषण किट तथा बच्चों को उपहार वितरित किए। शिविर में प्रभारी मंत्री ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान ग्राम एवं विकासखंड स्तर पर ही हो जाए और उन्हें जनपद मुख्यालय का अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।
विद्यालयों की सुविधाओं की समीक्षा

बाद में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने डायट अल्मोड़ा में बैठक लेकर विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने बिजली, पानी, खेल मैदान, शौचालय एवं फर्नीचर की समस्या वाले विद्यालयों में सुविधाओं के विकास तथा छत टपकने वाले विद्यालयों की मरम्मत के लिए यथाशीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने भूगोल प्रवक्ता रमेश सिंह रावत के निर्देशन में भूस्थानिक तकनीक पर आधारित संस्थान के भौगोलिक मानचित्र का अनावरण किया। साथ ही डॉ. दीपा जलाल एवं डॉ. हेम चंद्र जोशी की पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं डायट प्राचार्य डॉ. रवि मेहता तथा संचालन डॉ. हेम चंद्र जोशी ने किया।
कार्यक्रमों के दौरान मौजूदगी

उक्त कार्यक्रमों के दौरान मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, महापौर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के, मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, ललित लटवाल, उप जिलाधिकारी संजय कुमार, ब्लाक प्रमुख हिमानी कुंडू शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और डायट के शिक्षक, कार्मिक व प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments