15 मिनट में पुलिस ने किया ऐसा काम कि हर कोई कर रहा तारीफ
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। रूसी बाईपास बल्दियाखान के पास हल्द्वानी रोड पर विशाल पेड़ गिरने से अचानक यातायात बाधित हो गया, लेकिन सूचना मिलने के महज 15 मिनट के भीतर पुलिस, अग्निशमन सेवा और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंच गईं। त्वरित राहत अभियान चलाकर करीब आधे घंटे के भीतर मार्ग को वन-वे यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली।
शनिवार 2 अगस्त 2026 को एक सौ बारह आपातकालीन सेवा के माध्यम से सूचना मिली कि रूसी बाईपास बल्दियाखान के समीप हल्द्वानी रोड पर एक विशाल पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने बिना विलंब संबंधित सभी विभागों को अलर्ट करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू करा दिया।

पुलिस अधीक्षक (संचार) रेवाधर मठपाल ने स्वयं पुलिस कंट्रोल रूम से पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए लगातार घटनाक्रम की निगरानी की, जिससे राहत कार्य तेजी और प्रभावी ढंग से संचालित हो सका।
सूचना मिलते ही कोतवाली तल्लीताल पुलिस, मल्लीताल अग्निशमन सेवा, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, फाइटर मल्लीताल तथा आपदा कंट्रोल रूम की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं और समन्वित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचीं। संयुक्त टीमों ने युद्धस्तर पर पेड़ हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने का कार्य शुरू किया।
टीमों की तेज कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि घटना की सूचना मिलने के महज 15 मिनट के भीतर राहत दल मौके पर पहुंच गया और लगभग आधे घंटे के भीतर अवरुद्ध मार्ग को वन-वे यातायात के लिए खोल दिया गया। इसके बाद कोतवाली तल्लीताल की मोबाइल टीम ने पुलिस कंट्रोल रूम को मार्ग सुचारु होने की सूचना दी। इससे मार्ग पर फंसे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिली तथा यातायात धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।
इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई की कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने सराहना की। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम, कोतवाली तल्लीताल पुलिस, अग्निशमन सेवा तथा अन्य राहत टीमों के उत्कृष्ट रिस्पॉन्स टाइम और प्रभावी समन्वय की प्रशंसा करते हुए उनकी कार्यकुशलता की सराहना की।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए पुलिस चौबीसों घंटे सतर्क और तत्पर है।


