Almora : ट्रांसपोर्ट यूनियन का गठन, दिनेश साह अध्यक्ष, हरीश जोशी सचिव निर्वाचित

- नगर में ट्रकों की लोडिंग—अनलोडिंग का समय निर्धारित
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा
नगर क्षेत्र में ट्रकों की लोडिंग व अनलोडिंग के समय निर्धारण को लेकर फैसला ले लिया गया है। नगर व्यापार मंडल, ट्रांसपोर्ट यूनियन व थोक व्यापारियों की संयुक्त बैठक में नियम तय किये गये। इस मौके पर नगर व्यापार मंडल के तत्वाधान में ट्रांसपोर्ट यूनियन का गठन भी किया गया, जिसमें दिनेश साह अध्यक्ष व हरीश जोशी सचिव चुने गये।

मंगलवार को नगर व्यापार मंडल, ट्रांसपोर्ट यूनियन व थोक व्यापारियों की संयुक्त बैठक में ट्रांसपोर्ट के कारण बाधित यातायात व्यवस्था पर विचार—विमर्श हुआ। निर्णय लिया गया कि शिखर तिराहे के पास ट्रक स्टैंड मै 5 ट्रक खड़े किए जा सकते हैं और बिना यातायात व्यस्था को बाधित किए लोडिंग—अनलोडिंग की जा सकती है। सड़क पर कोई भी समान नहीं रखा जाएगा और भारी सामान की ट्रांसपोर्ट के अलावा पूरी सड़क में लोडिंग—अनलोडिंग सुबह 9 बजे से पहले और दोपहर 12 बजे के बाद की जाएगी। इस बात के प्रयास किये जायेंगे कि जाम की स्थिति पैदा ना हो और जनता को कोई परेशानी पेश नहीं आये।

इस मौके पर नगर व्यापार मंडल के तत्वाधान में ट्रांसपोर्ट यूनियन का भी गठन किया गया। जिसमें दिनेश साह अध्यक्ष, हरीश जोशी को सचिव, फहीम खान उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष कृष्ण मुरारी अग्रवाल और कौशिक पांडे, उपसचिव राजीव भसीन, रमेश सनवाल को सरंक्षक और सभी को कार्यकारणी सदस्य बनाया गया। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, सचिव मयंक बिष्ट, उपसचिव राहुल बिष्ट, पूर्व कार्यकारिणी अध्यक्ष संजय अग्रवाल, अमन नज्जौन आदि पदाधिकारी उपस्थित थे। नव कार्यकारिणी को व्यापार मंडल की ओर से शुभकामनाएं दी गईं।