हुड़की बौल : महिलाओं संग धान की रोपाई करने खेत में पहुंची डीएम अनुराधा

पुरानी परंपरा हुड़की बौल के पहले अनुभव से प्रभावित हुई जिलाधिकारीबोलीं, सामूहिक श्रम की इस परंपरा को कायम रखना बेहद जरूरी दीपक पाठक, बागेश्वर उत्तराखंड…

हुड़की बौल, ग्रामीण महिलाओं के साथ धान की रोपाई करने खेत में पहुंची डीएम अनुराधा
पुरानी परंपरा हुड़की बौल के पहले अनुभव से प्रभावित हुई जिलाधिकारी
बोलीं, सामूहिक श्रम की इस परंपरा को कायम रखना बेहद जरूरी

दीपक पाठक, बागेश्वर

उत्तराखंड की पुरानी परंपरा है-‘हुड़की बौल’। इस परंपरा को बागेश्वर जनपद के कतिपय हिस्सों में ग्रामीणों ने आज भी कायम रखा है। इसमें हुड़के की थाप पर हुनरमंद गायक के गीतों के बीच महिलाएं सामूहिक रुप से खेती कार्य करती हैं। इन दिनों खेतों में धान की रोपाई इसी हुड़किया बौल के जरिये जोरों पर है। मंगलवार को ऐसा ही पारंपरिक नजारा ग्राम बलौना के खेतों में दिखा, तो जिलाधिकारी अनुराधा पाल (DM Anuradha Pal) भी धान की रोपाई कर रही महिलाओं की टोली में शामिल हो गई और उन्होंने उनका मनोबल बढ़ाते हुए धान के पौधे रोपे। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर ग्रामीण महिलाएं काफी खुश नजर आयी।

हुड़की बौल के साथ धान की रोपाई उत्तराखंड की एक पुरानी परंपरा है। जनपद के कुछ स्थानों में आज भी इसका निर्वहन किया जा रहा है। आज जब बिलौना गांव में महिलाएं खेतों में सामूहिक रुप से धान की रोपाई कर रही थीं। तो जिलाधिकारी अनुराधा पाल भी खेत में पहुंचकर रोपाई कर रही महिलाओं के साथ शामिल हो गई और उन्होंने भी रोपाई की। जिलाधिकारी ने हुड़किया बौल के साथ धान की रोपाई को अपना पहला अनुभव बताते हुए इसे आनंदित करने वाली संस्कृति बताया। उन्होंने कहा युवाओं के साथ ही प्रवासियों को भी इसमें बढ़चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए, इससे जहां एक ओर हुड़किया बौल जैसी पारंपरिक संस्कृति को बल मिले औरं हुडका वाद्ययंत्र के कलाकारों को प्रोत्साहन मिले।

जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तराखंड में लोकगीतों की समृद्ध परंपरा रही है। हुड़की बौल इसमें प्रमुख है। उन्होंने कहा खेती और सामूहिक श्रम से जुड़ी यह परंपरा जीवंत रहे, इसका बीड़ा सभी को उठाना होगा। कहा कि कुमाऊं के लोक का अतीत अत्यंत समृद्ध रहा है। लोकगीतों के ही कई आयाम है। लोकगीतों को इतने सलीके से तरासा गया है, कि इनमें जीवन का सार दिखता है। अपनी पुरातन विरासत को संरक्षित करने और उसे नई पीढ़ी तक ले जाने का प्रयास सभी को करना चाहिए। इस दौरान राजस्व उपनिरीक्षक मोहन सिंह भाकुनी, लोक गायक किशन सिंह दानू समेत भुबन चन्द्र, अनीता देवी, सुनीता देवी, पुष्पा देवी, देवकी देवी, रजनी देवी, भावना देवी, बबीता देवी आदि महिलाएं मौजूद थी।

हल्द्वानी ब्रेकिंगः पुलिस देख नौ दो ग्यारह हो रहे थे कि स्लिप हो गई स्कूटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *