2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को देगा साकार
अल्मोड़ा। भाजपा नेता एवं टैक्स बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष देवाशीष नेगी ने संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला एक दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक मजबूत और ठोस रोडमैप प्रस्तुत करता है।
बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री नेगी ने कहा कि यह केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि देश के हर वर्ग—गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग—की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बजट है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण की आर्थिक दूरदृष्टि की सराहना की।
श्री नेगी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसमें बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन और नवाचार पर विशेष जोर दिया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।
टैक्स बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष के रूप में अपनी विशेषज्ञ राय रखते हुए नेगी ने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग को राहत देने और कर प्रणाली को सरल बनाने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकॉर्ड निवेश से कनेक्टिविटी में सुधार होगा और लाखों नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने स्टार्टअप्स और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए घोषित नीतियों को भारत को वैश्विक तकनीकी हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के समावेश और गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार को समावेशी विकास का उदाहरण बताया।
देवाशीष नेगी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट देश की जीडीपी वृद्धि दर को नई गति देगा और भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को शीघ्र हासिल करने में सहायक सिद्ध होगा।

