गुजरात हादसा अपडेट – केबल पुल गिरने से अब तक 60 से अधिक लोगों की मौत

मोरबी| गुजरात के मोरबी में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां मच्छु नदी में बना केबल ब्रिज अचानक टूट जाने से कई लोग नदी…

मोरबी| गुजरात के मोरबी में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां मच्छु नदी में बना केबल ब्रिज अचानक टूट जाने से कई लोग नदी में गिर गए। मौके पर मौजूद गुजरात के मंत्री बृजेश मेरजा के मुताबिक हादसे में 60 से अधिक लोगों की मौत हुई है। 70 घायलों को रेस्क्यू कर लिया गया है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचे हुए लोगों को नदी से निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ब्रिज रिनोवेशन के बाद हाल ही में चालू किया गया था।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय पुल पर बड़ी तादाद में भीड़ मौजूद थी। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोग भी पुलिस और प्रशासन की मदद कर रहे हैं। NDRF की 2 टीम मोरबी के लिए रवाना हो गई हैं। कई लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है।

केबल ब्रिज काफी पुराना बताया जा रहा है। राजा-महाराजाओं के समय का यह पुल ऋषिकेश के राम-झूला और लक्ष्मण झूला पुल कि तरह झूलता हुआ सा नजर आता था, इसलिए इसे झुलतो पुल भी कहते थे। इसे गुजराती नव वर्ष पर महज 5 दिन पहले ही रिनोवेशन के बाद चालू किया गया था। रिनोवेशन के बाद भी इतना बड़ा हादसा होने पर अब कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि फिटनेस सर्टिफिकेट लिए बिना ही ब्रिज को शुरू कर दिया गया था।

पिछले 7 महीने से इस पुल की मरम्मत चल रही थी। रिनोवेशन का काम एक ट्रस्ट के जरिए किया गया। इतने समय बाद पुल खुलने के कारण रविवार को बड़ी तादाद में लोग अपने परिवारों के साथ पुल पर तस्वीरें और सेल्फी लेने के लिए पहुंचे थे। ब्रिज की लंबाई 200 मीटर से ज्यादा थी। चौड़ाई करीब 3 से 4 फीट थी।

हादसे के बाद केबल ब्रिज की कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें नजर आ रहा है कि ब्रिज बीच से टूटकर नदी में समा गया है। ब्रिज टूटने के बाद कई लोग बीच में भी फंस गए, जो टूटे हुए ब्रिज को पकड़कर किसी तरह बचने की कोशिश करते दिखे।

गुजरात सरकार ने मृतकों के परिवार को 4 लाख और घायलों के परिवार को 50 हजार रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है। वहीं, पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा दिए जाने का ऐलान किया है।

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सीएम भूपेंद्र पटेल मोरबी पहुंचने वाले हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं इस मामले पर राजनीति नहीं करने की अपील करूंगा। गुजरात के सीएम तुरंत वडोदरा से रवाना हुए हैं। 70 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। अधिकांश लोग खतरे से बाहर हैं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल से बात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने के लिए कहा है। पीएम मोदी ने स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए भी कहा है।

हादसे पर दुःख व्यक्त करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ‘मोरबी में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस विषय में मैंने गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी और कई अधिकारियों से बात की है। स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा है। NDRF भी शीघ्र घटनास्थल पर पहुंच रही है। प्रशासन को घायलों को तुरंत उपचार देने के निर्देश दिए हैं।

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे आज अपने सभी आगामी कार्यक्रम रद्द करके मोरबी के लिए रवाना हो गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।

भूपेंद्र पटेल ने आगे कहा, ‘पीएम नरेंद्रभाई मोदी ने मुझसे मोरबी की त्रासदी के बारे में बात की और स्थिति का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने पूरे हालात पर लगातार नजर रखने और बचाव अभियान के संबंध में आवश्यक निर्देश और मार्गदर्शन दिया है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *