शरीर पर मिले धारदार हथियार के निशान
सीएनई रिपोर्टर, रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर से दिवाली के दिन एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रुद्रपुर स्थित 46वीं वाहिनी पीएसी परिसर में रविवार सुबह 25 वर्षीय जवान विष्णु कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जवान के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान होने की बात सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जवान के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
दिवाली पर घर नहीं पहुंच सका था विष्णु, आखिरी बातचीत में सब सामान्य था
जानकारी के अनुसार, विष्णु कुमार पिछले छह महीने से 46वीं वाहिनी पीएसी में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। उसका परिवार हरिद्वार में रहता है। प्रशिक्षण के चलते वह इस बार दिवाली पर भी घर नहीं जा सका था।
मृतक के पिता हरीश राम ने बताया कि शनिवार देर शाम उनकी बेटे से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान सब कुछ सामान्य लग रहा था। उन्हें जरा भी अंदेशा नहीं था कि यह बेटे से उनकी आखिरी बातचीत साबित होगी।
पिता ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए आशंका जताई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि रुद्रपुर पहुंचकर बेटे का शव देखने के बाद ही वह स्थिति के बारे में कुछ कह सकेंगे।
साथियों से पूछताछ, हर पहलू पर जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी पीएसी परिसर पहुंचे। पुलिस टीम जवान के साथ प्रशिक्षण ले रहे अन्य साथियों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पंतनगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जवान की मौत के पीछे क्या वजह रही और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। दिवाली के दिन सामने आई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
































